फौजी की दुकान और प्लॉट पर कब्जे के प्रयास का आरोप, डीएम से लगाई न्याय की गुहार
उरई (जालौन)। भारतीय थल सेना में तैनात एक सैनिक ने अपनी खरीदी हुई दुकान और प्लॉट पर दबंगों द्वारा कब्जा करने के प्रयास का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उप जिलाधिकारी माधौगढ़ को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
शिकायतकर्ता सूर्यकांत मिश्रा पुत्र आदर्श कुमार मिश्रा, निवासी ग्राम जगम्मनपुर, थाना रामपुरा, वर्तमान में जैसलमेर (राजस्थान) में भारतीय सेना में सेवारत हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने ग्राम जगम्मनपुर में संध्या पुत्री श्याम बाबू से विधिवत एक दुकान एवं प्लॉट खरीदा था। खरीद के बाद उन्हें संपत्ति का कब्जा भी मिल गया था, जिसके बाद वह अपनी ड्यूटी पर लौट गए।
सैनिक का आरोप है कि उनकी गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर पड़ोसी राजकुमार पुत्र बैजनाथ एवं सुनील कुमार पुत्र राजबहादुर उनकी भूमि पर अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। सूचना मिलने पर जब वह छुट्टी लेकर गांव पहुंचे और विरोध किया तो आरोपितों ने कथित रूप से गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी तथा महिला संबंधी गंभीर धाराओं में झूठे मुकदमे में फंसाने की चेतावनी भी दी।
शिकायत में गांव के एक व्यक्ति पप्पू पर भी आरोप लगाया गया है कि वह आरोपितों का पक्ष लेकर उन्हें प्रशासनिक संरक्षण दिलाने का भरोसा दे रहा है और विवाद को बढ़ावा दे रहा है।
पीड़ित सैनिक ने जिलाधिकारी से अपनी संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने, अवैध कब्जा रुकवाने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। जिलाधिकारी ने प्रकरण की जांच उप जिलाधिकारी माधौगढ़ को सौंपते हुए नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
















Leave a Reply