Advertisement

6 साल से फरार 5 हजार के इनामी बदमाश को देहात थाना पुलिस ने दबोचा

हत्या के प्रयास के मामले में था आरोपी, कब्जे से 315 बोर का कट्टा और जिंदा राउंड बरामद

भिण्ड। थाना देहात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास के मामले में पिछले 6 साल से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा और जिंदा राउंड भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार 28 अगस्त 2020 की रात करीब 8 बजे शेर बाबा मंदिर के पास मुरलीपुरा भिण्ड में पुरानी रंजिश के चलते दो बाइक सवार युवकों ने एक युवक पर फायरिंग कर हत्या का प्रयास किया था। मामले में थाना देहात भिण्ड में अपराध क्रमांक 517/20 धारा 307, 34 भादवि के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।

घटना के बाद से आरोपी ध्रुव शर्मा पुत्र मलखान शर्मा उम्र 40 वर्ष निवासी खेरिया तोर मेहगांव लगातार फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक भिण्ड द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

थाना देहात पुलिस को 24 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी पुर तिराहा, ग्वालियर रोड भिण्ड के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 315 बोर का देशी कट्टा और एक जिंदा राउंड बरामद किया गया।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शिवप्रताप सिंह राजावत सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *