ग्राम बिरधनपुरा में देहात पुलिस का साइबर जागरूकता अभियान
भिण्ड। थाना देहात पुलिस ने सोमवार को ग्राम बिरधनपुरा में ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान के तहत साइबर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। पुलिस अधीक्षक श्री सूरज वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप पटेल के निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री निरंजन सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में थाना प्रभारी निरीक्षक शिवप्रताप सिंह राजावत ने ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचने के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी।
थाना प्रभारी ने बताया कि साइबर ठग बैंक अधिकारी, पुलिसकर्मी या सरकारी कर्मचारी बनकर लोगों से ओटीपी, यूपीआई पिन, एटीएम कार्ड, सीवीवी और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी लेकर ठगी कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत या बैंकिंग जानकारी साझा न करें और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।
उप निरीक्षक विजय शिवहरे ने फर्जी लॉटरी, नौकरी, निवेश, केवाईसी अपडेट, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कस्टमर केयर नंबर, ऑनलाइन शॉपिंग और क्यूआर कोड स्कैन के जरिए होने वाली धोखाधड़ी के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने से रकम वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है।
कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं, विद्यार्थियों और वरिष्ठ नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने तथा अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर उप निरीक्षक विजय शिवहरे, आरक्षक फिरोज खान, आरक्षक ज्ञानेंद्र मिश्रा, ग्राम सचिव बच्चूलाल शर्मा, सरपंच संजय गंधर्व सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
















Leave a Reply