Advertisement

5 हजार का इनामी हत्याकांड आरोपी ढाई साल बाद गिरफ्तार

जमीनी विवाद में हुई थी एक की हत्या, छह आरोपी पहले ही हो चुके थे गिरफ्तार

भिण्ड। थाना देहात पुलिस ने वर्ष 2024 के चर्चित हत्याकांड में फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार था और गिरफ्तारी से बचने के लिए अलग-अलग स्थानों पर छिपकर रह रहा था।

पुलिस के अनुसार 10 फरवरी 2024 को थाना देहात क्षेत्र के चरथर के हार स्थित ग्राम हीरालाल का पुरा में जमीन को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। विवाद के दौरान गोली चलने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य घायल हो गए थे। मामले में थाना देहात में अपराध क्रमांक 60/24 के तहत हत्या, हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में सात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया था।

विवेचना के दौरान छह आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि एक आरोपी घटना के दिन से फरार चल रहा था।
पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा के निर्देशन में फरार आरोपी की गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक निरंजन सिंह राजपूत के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक शिवप्रताप सिंह राजावत के नेतृत्व में गठित टीम ने 3 जुलाई 2026 को मुखबिर की सूचना पर ग्राम हीरालाल का पुरा के खेतों में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

इस कार्रवाई में निरीक्षक शिवप्रताप सिंह राजावत, उपनिरीक्षक विजय शिवहरे, प्रधान आरक्षक नीरज गुरुदास सोही, आरक्षक अजीत सिकरवार, कमल तोमर, सुमित शर्मा, भूपेन्द्र तोमर, फिरोज खान, अवधेश चौहान, राहुल यादव एवं साइबर सेल भिण्ड की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *