Advertisement

5 हजार के इनामी बदमाश को देहात थाना पुलिस ने दबोचा, लंबे समय से चल रहा था फरार

भिण्ड। थाना देहात भिण्ड पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 5 हजार रुपये के इनामी फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी अगस्त 2024 में कचौंगरा स्थित क्वारी नदी पर रेस्क्यू कार्य के दौरान होमगार्ड जवानों से अभद्रता, मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा डालने की घटना में शामिल था।

पुलिस के अनुसार 22 अगस्त 2024 को क्वारी नदी में डूबे दो होमगार्ड जवानों की तलाश एवं रेस्क्यू कार्य चल रहा था, तभी कुछ असामाजिक तत्वों ने मौके पर पहुंचकर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करते हुए गाली-गलौज और मारपीट की थी। मामले में थाना देहात भिण्ड में 7 नामजद सहित 8 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया था।
घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए अलग-अलग स्थानों पर छिपकर रह रहा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भिण्ड द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

मुखबिर की सूचना पर थाना देहात पुलिस ने 1 जुलाई 2026 को चरथर मोड़ के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शिवप्रताप सिंह राजावत सहित उपनिरीक्षक अजय यादव, प्रधान आरक्षक गुरुदास सोही, आरक्षक कमल तोमर, सुमित शर्मा, अजीत सिकरवार, भूपेन्द्र तोमर, फिरोज खान, अवधेश चौहान और दीपक जादौन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *