Advertisement

सेफ क्लिक 2.0 अभियान: मेहगांव पुलिस ने छात्राओं को किया साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक

ऑनलाइन ठगी से बचाव के बताए उपाय, 1930 हेल्पलाइन पर तुरंत शिकायत करने की दी सलाह

मेहगांव। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “सेफ क्लिक 2.0” साइबर जागरूकता अभियान के तहत थाना मेहगांव पुलिस लगातार आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने में जुटी है। इसी क्रम में मंगलवार को शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मेहगांव में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्राओं एवं विद्यालय स्टाफ को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार और साइबर अपराधों से बचाव की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी लिंक, ओटीपी शेयर करने के खतरे, सोशल मीडिया से जुड़े अपराध, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी निवेश योजनाओं, बैंकिंग धोखाधड़ी तथा साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नए-नए तरीकों से सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया। साथ ही बताया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, अपनी व्यक्तिगत और बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध कॉल या संदेश पर तुरंत प्रतिक्रिया देने से बचें।

पुलिस ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी होती है तो बिना समय गंवाए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या साइबर क्राइम पोर्टल पर सूचना दें। अधिकारियों ने छात्राओं से अपील की कि वे स्वयं जागरूक रहें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति सचेत करें।

मेहगांव थाना पुलिस का कहना है कि “सेफ क्लिक 2.0” अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित बनाना है। अभियान के तहत क्षेत्र में लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पुलिस ने संदेश दिया कि “सावधानी ही सुरक्षा है” और “रुको – सोचो – फिर कार्रवाई करो” का मंत्र अपनाकर अधिकांश साइबर अपराधों से बचा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *