भिण्ड। जिले में लगातार हो रही चोरियों पर अंकुश लगाने में भिण्ड पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना बरोही और थाना देहात पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 11 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण एवं वारदात में प्रयुक्त कार बरामद की गई है। गिरोह ने पूछताछ में थाना बरोही की 3 तथा थाना देहात की 3 सहित कुल 6 चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है।
पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक निरंजन राजपूत एवं डीएसपी मुख्यालय दीपक तोमर के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। थाना बरोही में वर्ष 2025 में दर्ज एक चोरी के मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी और मुखबिर तंत्र की मदद से गिरोह तक पहुंच बनाई।
मुखबिर की सूचना पर दबोचे गए आरोपी
5 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि एक स्लेटी रंग की मारुति एस-क्रॉस (एमपी-07-सीएस-8293) में सवार चार संदिग्ध युवक दबोह-लावन की ओर जा रहे हैं। पुलिस ने नहर के पास घेराबंदी कर चारों को हिरासत में लिया। पूछताछ में मुख्य आरोपी ने साथियों के साथ चोरी की घटनाएं करना स्वीकार किया और अन्य तीन साथियों के नाम बताए। इसके बाद कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
सोने-चांदी के जेवर और कार जब्त
आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने 2 सोने की चेन, 10 सोने की अंगूठियां, 2 मंगलसूत्र, झुमकी, बाला, नाक-कान के आभूषण, ओम लॉकेट सहित अन्य सोने के जेवर, चांदी की करधोनी, पायल, खगोरिया और सिक्के बरामद किए। इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त मारुति एस-क्रॉस कार भी जब्त की गई। बरामद मशरूका की कुल कीमत लगभग 11 लाख रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में और खुलासों की संभावना
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया है। रिमांड के दौरान उनसे अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ की जाएगी। पुलिस का मानना है कि गिरोह से जुड़े और भी मामलों का खुलासा हो सकता है।
इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी देहात निरीक्षक शिवप्रताप सिंह राजावत, थाना प्रभारी बरोही उपनिरीक्षक अतुल भदौरिया, थाना प्रभारी नयागांव वैभव तोमर, उपनिरीक्षक मुनेन्द्र राठौर, साइबर सेल प्रभारी सत्यवीर सिंह सहित थाना बरोही, देहात और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम की सराहना की है।
















Leave a Reply