फूफ थाना क्षेत्र के चांसड़ रानी बिरगमा के पास की घटना, पुलिस ने शुरू की जांच
भिण्ड। जिले के फूफ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चांसड़ रानी बिरगमा के पास सोमवार शाम करीब 6 बजे एक 33 वर्षीय युवक ने कमरे में पंखे के कुंडे से साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली।
घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान अनिल मौर्य (33 वर्ष) पुत्र महेश मौर्य के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक ने अपने घर में पंखे के कुंडे से साड़ी का फंदा बनाकर आत्मघाती कदम उठाया। परिजनों द्वारा उसे तत्काल नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतक के भाई श्रीनिवास मौर्य ने बताया कि अनिल की पत्नी मनीषा पिछले चार महीने से अपने मायके में रह रही थी। परिवार के लोग उसे वापस लाने के लिए कई बार गए थे। इस संबंध में दोनों पक्षों के बीच पंचायत भी हुई, लेकिन बात नहीं बन सकी।
परिजनों का आरोप है कि पंचायत के बावजूद मनीषा के भाई बृजेश ने किसी भी स्थिति में उसे ससुराल भेजने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि पत्नी के लंबे समय से मायके में रहने और पारिवारिक विवाद के कारण अनिल मानसिक रूप से परेशान था। परिवार ने आशंका जताई है कि यही परिस्थितियां उसकी मौत का कारण बनी होंगी।
फूफ थाना पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
















Leave a Reply