शराब के नशे में वाहन चलाने का आरोप, पुलिस ने बोलेरो जब्त की
भिण्ड। उमरी थाना क्षेत्र के अकोड़ा चिमनी के पास मंगलवार सुबह करीब 11:20 बजे एक बोलेरो और टमटम की आमने-सामने भिड़ंत में दो लोग घायल हो गए। हादसे में टमटम पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर खाई में जा गिरी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को कब्जे में लेकर उमरी थाने भिजवा दिया।
जानकारी के अनुसार टमटम सगरा गांव से सवारियां लेकर भिण्ड की ओर आ रही थी। इसी दौरान अकोड़ा चिमनी आरा मशीन के पास सामने से आ रही बोलेरो ने अनियंत्रित होकर टमटम को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि टमटम सड़क किनारे खाई में जा गिरी और उसमें सवार लोग घायल हो गए।
हादसे में रामश्री पत्नी भूपेन्द्र ओझा निवासी सगरा, भूपेन्द्र ओझा सहित एक अन्य व्यक्ति घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय भिण्ड पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोलेरो चालक नीरू सिंह राजावत वाहन चला रहा था। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि चालक शराब के नशे में था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस द्वारा नहीं की गई है। उमरी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। चालक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
















Leave a Reply