Advertisement

मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता पर छात्रों को किया जागरूक, स्वास्थ्य परीक्षण भी हुआ

भिंड। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय स्नातकोत्तर एम.जे.एस. कॉलेज भिंड में उमंग उच्च शिक्षा हेल्थ एंड वेलनेस कार्यक्रम के तहत मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता सत्र, स्वास्थ्य परीक्षण एवं स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम सिविल सर्जन के निर्देशन एवं प्राचार्य डॉ. सुनील त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जिला चिकित्सालय भिंड की टीम द्वारा आयोजित किया गया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन, अवसाद, चिंता, नशे की लत के दुष्प्रभाव तथा सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. रविकांत जैन ने सोशल मीडिया के अधिक उपयोग से आंखों पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी। डॉ. संजीव धर्मेश ने संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली का महत्व बताया। नर्सिंग ऑफिसर आनंद दीक्षित ने विद्यार्थियों का ब्लड प्रेशर, शुगर एवं बीएमआई परीक्षण किया। मनकक्ष प्रभारी प्रियव्रत यादव ने मानसिक रोगों से जुड़े भ्रम और वास्तविक तथ्यों पर प्रकाश डालते हुए समय पर विशेषज्ञ से परामर्श लेने की सलाह दी। राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के काउंसलर धर्मवीर यादव ने टेलीमानस हेल्पलाइन 14416 एवं मनहित ऐप के माध्यम से उपलब्ध निःशुल्क और गोपनीय परामर्श सेवाओं की जानकारी दी, जबकि उमंग काउंसलर वर्षा राजावत ने मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं की प्रारंभिक पहचान और भावनात्मक संतुलन बनाए रखने के उपाय बताए।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में क्रीड़ा अधिकारी अरविंद शर्मा एवं डॉ. अनीता बंसल की विशेष भूमिका रही। अंत में विद्यार्थियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नशे से दूर रहने तथा मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में डॉ. राजेंद्र राठौड़, अवधेश शर्मा, अंकित दुबे सहित जिला चिकित्सालय की टीम एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *