Advertisement

इसी माह लागू होगी समान नागरिक संहिता : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

लाड़ली बहना योजना से सशक्त हो रहीं महिलाएं,

लहार से 1.25 करोड़ से अधिक बहनों को 38वीं किश्त, 1835 करोड़ रुपये सिंगल क्लिक से किए अंतरित

भिंड जिले को 322 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात, नए पीजी कॉलेज की घोषणा

भिंड, 12 जुलाई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को भिंड जिले के लहार में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 38वीं किश्त जारी करते हुए प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 15 हजार से अधिक महिलाओं के खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से 1835 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि लाड़ली बहना योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित हुई है।

उन्होंने बताया कि योजना की शुरुआत 1000 रुपये प्रतिमाह से हुई थी, जिसे बढ़ाकर अब 1500 रुपये किया जा चुका है। पिछले ढाई वर्षों में 51 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे महिलाओं के खातों में पहुंचाई गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसान, गरीब, महिला और युवाओं सहित सभी वर्गों के कल्याण के लिए संकल्पित है। उन्होंने बताया कि किसानों के हित में कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, गौशालाओं के माध्यम से दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा दिया जा रहा है, सड़क परिवहन निगम की बस सेवाएं पुनः शुरू की जा रही हैं तथा प्रदेश में उद्योग, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से विकास हो रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं बल्कि नौकरी देने वाला बनाना है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घोषणा की कि मध्यप्रदेश में इसी माह समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस कानून के लिए 10 लाख से अधिक सुझाव प्राप्त हुए हैं और इससे सभी नागरिकों, विशेषकर मुस्लिम महिलाओं को समान अधिकार मिलेंगे। उन्होंने कहा कि भिंड जिले में विकास का नया अध्याय लिखा जा रहा है तथा डकैती मुक्त बीहड़ आज विकास और शांति की पहचान बन चुका है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 238.96 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए 40 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 83.33 करोड़ रुपये की 16 नई परियोजनाओं का भूमिपूजन किया। इस प्रकार जिले को 322 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात मिली। मुख्यमंत्री ने लहार में नए पीजी कॉलेज की स्थापना की घोषणा भी की।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विभिन्न हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए तथा विभागीय प्रदर्शनी, पोषण एवं हॉर्टिकल्चर प्रदर्शनी तथा स्व-सहायता समूहों के स्टॉलों का अवलोकन किया।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने इसे लहार के लिए ऐतिहासिक दिन बताते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

विधायक अम्बरीश शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में क्षेत्र में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं और शिवपुरी में ऑर्डिनेंस फैक्ट्री सहित अनेक परियोजनाओं से रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं।

कार्यक्रम में नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला, विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह, जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया, पूर्व मंत्री लाल सिंह आर्य एवं ओपीएस भदौरिया, आईजी सचिन अतुलकर, डीआईजी सुनील जैन, कलेक्टर किरोड़ी लाल मीणा, पुलिस अधीक्षक सूरज वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री के लहार आगमन पर मार्ग में विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा एवं फूलमालाओं से उनका भव्य और आत्मीय स्वागत किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *