Advertisement

एनएचएम कर्मचारियों का चरणबद्ध आंदोलन शुरू, छह दिन की कार्ययोजना जारी

भिंड। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मचारियों के आंदोलन को प्रभावी एवं एकरूप बनाने के लिए प्रदेश स्तर पर चरणबद्ध कार्ययोजना जारी की गई है प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार 02 जून 2026 से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन प्रारंभ हो गया है।

आंदोलन के दौरान प्रतिदिन अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित कर कर्मचारियों की मांगों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

आंदोलन के प्रथम दिवस 02 जून को एनएचएम द्वारा कर्मचारियों के अप्रेजल संबंधी जारी आदेशों की सांकेतिक प्रतियां जलाकर विरोध प्रदर्शन किया गया तथा कर्मचारियों ने अपना आक्रोश व्यक्त किया। द्वितीय दिवस पर जनसेवा एवं जनसमर्थन प्राप्त करने के उद्देश्य से स्थानीय निकाय, जिला चिकित्सालय, प्रमुख चौराहों एवं धरना स्थलों पर प्याऊ स्थापित कर आमजन को पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।

तृतीय दिवस पर शासन-प्रशासन की सद्बुद्धि एवं कर्मचारियों की मांगों के न्यायपूर्ण निराकरण की कामना को लेकर सुंदरकांड पाठ एवं प्रार्थना सभा आयोजित की जाएगी।

वहीं चतुर्थ दिवस को सोशल मीडिया अभियान चलाकर राष्ट्रीय स्तर पर आंदोलन को जनसमर्थन दिलाने तथा कर्मचारियों की समस्याओं को व्यापक स्तर पर प्रसारित किया जाएगा।

पंचम दिवस पर सामाजिक न्याय के प्रतीक संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर के समक्ष ज्ञापन प्रस्तुत किया जाएगा तथा हस्ताक्षर अभियान चलाकर जनसमर्थन जुटाया जाएगा।

षष्ठम दिवस पर शासन-प्रशासन का ध्यान कर्मचारियों की समस्याओं की ओर आकर्षित करने के लिए प्रतीकात्मक रूप से “भैंस के आगे बीन” कार्यक्रम आयोजित कर सद्बुद्धि की प्रार्थना की जाएगी।

प्रदेश नेतृत्व ने सभी जिलों से निर्धारित कार्यक्रमों का पालन करने का आह्वान किया है। साथ ही कहा गया है कि सोशल मीडिया आंदोलन को व्यापक एवं प्रभावी बनाने का प्रमुख माध्यम है, इसलिए इसे प्रतिदिन की गतिविधियों में शामिल किया जाएगा। यह जानकारी प्रदेश अध्यक्ष जितेन्द्र भदोरिया, प्रदेश महामंत्री जितेन्द्र यदुवंशी एवं प्रदेश संयोजक विजय ठक्कर द्वारा जारी की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *