Advertisement

“छात्रों की गूंज” कार्यक्रम में पेपर लीक, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

कोचिंग सेंटर पहुंची कांग्रेस, छात्रों से किया सीधा संवाद

भिण्ड। (हसरत अली) मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर भिण्ड में कांग्रेस ने “युवा जन संवाद – छात्रों की गूंज” कार्यक्रम की शुरुआत की। जिला कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह भदौरिया पिंकी के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने शहर के प्रमुख कोचिंग संस्थानों में पहुंचकर MPPSC, PMT, P.E.T और हायर एजुकेशन की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया।

कार्यक्रम में छात्रों ने पेपर लीक, बेरोजगारी, महंगी कोचिंग फीस और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े सवाल कांग्रेस नेताओं के सामने रखे। छात्रों ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं से उनकी मेहनत और भविष्य प्रभावित होता है।

छात्रों के सवालों पर कांग्रेस का जवाब
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि छात्रों की समस्याओं और सुझावों के आधार पर पार्टी अपना विजन डॉक्यूमेंट तैयार करेगी। जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह भदौरिया ने कहा कि युवाओं की आवाज को सरकार तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने पेपर लीक रोकने, रोजगार और बेहतर शिक्षा व्यवस्था को लेकर कांग्रेस की योजनाओं की जानकारी दी।

कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. अनिल भारद्वाज ने रोजगार के मुद्दे पर कहा कि युवाओं को सम्मानजनक रोजगार मिलना चाहिए। वहीं छात्रावास, छात्राओं की सुरक्षा और शिक्षा सुविधाओं को लेकर भी कांग्रेस नेताओं ने अपनी बात रखी।

युवाओं को अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील
कार्यक्रम के समापन पर धर्मेंद्र सिंह भदौरिया ने कहा कि छात्रों और युवाओं को अपने अधिकारों के लिए जागरूक होना होगा, तभी वे अपनी समस्याओं को लेकर सरकार और जनप्रतिनिधियों से सवाल कर सकेंगे।

कार्यक्रम में डॉ. अनिल भारद्वाज, विनोद पंडित, बृजेंद्र सिंह मुन्ना भदौरिया, शिवा भदौरिया, हसरत हयात सहित कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *