रामशेष बघेल बोले— लोकतंत्र और संविधान पर हमला बर्दाश्त नहीं
भिण्ड/अमायन। प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जीतू पटवारी के आह्वान पर राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी सुश्री मीनाक्षी नटराजन के नामांकन को कथित रूप से षड्यंत्रपूर्वक निरस्त किए जाने के विरोध में ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न ब्लॉक मुख्यालयों पर एक दिवसीय उपवास एवं धरना कार्यक्रम आयोजित किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा का संकल्प लेते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रामशेष बघेल ने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी के नामांकन को निरस्त किया जाना लोकतांत्रिक परंपराओं और संवैधानिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने तथा राजनीतिक दुर्भावना के आधार पर निर्णय लेने की प्रवृत्ति देश के लोकतंत्र के लिए चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अमायन के अध्यक्ष दीपेंद्र सिंह फौजी ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता अन्याय और लोकतंत्र विरोधी गतिविधियों के खिलाफ लगातार संघर्ष करेंगे। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना सभी संवैधानिक संस्थाओं की जिम्मेदारी है। इस दौरान मीडिया प्रभारी पंकज त्रिपाठी, विधानसभा प्रभारी अरविंद यादव, विवेक जामौर, संदीप बघेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जनता की आवाज को दबाने के हर प्रयास का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने का संकल्प भी लिया गया।
















Leave a Reply