Advertisement

ग्वालियर-भिंड हाईवे 719 की डीपीआर को लेकर संत समाज नाराज, सरकार से मांगा स्पष्टीकरण

आरटीआई खुलासे के बाद उठे सवाल, संत समाज ने जताई नाराजगी
भिंड। ग्वालियर-भिंड हाईवे 719 के निर्माण को लेकर डीपीआर की स्थिति पर उठे सवालों के बाद संत समाज ने सरकार से जवाब मांगा है। शनिचरा धाम पर आयोजित संत समागम में अखिल भारतीय संत समिति के जिला अध्यक्ष संत कालीदास महाराज ने संत समाज को आरटीआई से सामने आई जानकारी से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि आरटीआई के मुताबिक डीपीआर अभी शुरुआती प्रक्रिया में है, जबकि पहले बताया गया था कि डीपीआर तैयार हो चुकी है। इसे लेकर संत समाज ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों से मिलकर स्पष्टीकरण मांगने का निर्णय लिया है।

फरवरी 2027 तक काम शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
संत समाज ने कहा कि सरकार द्वारा लिखित रूप से हाईवे का काम फरवरी 2027 से शुरू करने का आश्वासन दिया गया है। संत गोवर्धन महाराज पायलट बाबा ने कहा कि यदि तय समय पर काम शुरू नहीं हुआ तो संत समाज आंदोलन का रास्ता अपनाएगा। उन्होंने कहा कि ग्वालियर-भिंड हाईवे की बदहाली के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं, जिनमें लोगों और गौवंश की मौतें भी हो रही हैं, लेकिन जिम्मेदार जनप्रतिनिधि इस मुद्दे पर गंभीर नहीं दिख रहे हैं।

संत समाज ने दी चुनाव में विरोध की चेतावनी, बड़ी संख्या में संत रहे मौजूद
संत समाज ने सरकार से भ्रम की स्थिति जल्द दूर करने की मांग की है। संतों ने चेतावनी दी कि यदि हाईवे निर्माण को लेकर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आगामी चुनाव में विरोध किया जा सकता है। संत समागम में संत रामभजन दास ग्वालियर अध्यक्ष, संत हरिनिवास अवधूत, संत त्यागी बाबा महंत शनिचरा धाम सहित कई संत मौजूद रहे। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में संत समाज के लोग शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *