भिंड, 11 जून। मध्य प्रदेश कांग्रेस की राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को गांधी प्रतिमा, गोल मार्केट पर धरना एवं एक दिवसीय भूख हड़ताल आयोजित की। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह भदौरिया ‘पिंकी’ ने किया।
धरने को संबोधित करते हुए धर्मेंद्र सिंह भदौरिया ने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन निरस्त किया जाना लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक परंपराओं के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के दबाव में लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की बात तो करती है, लेकिन व्यवहार में महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को बाधित कर रही है। भदौरिया ने कहा कि मीनाक्षी नटराजन जैसी गांधीवादी विचारधारा की महिला नेता को षड्यंत्रपूर्वक चुनावी प्रक्रिया से बाहर करना दुर्भाग्यपूर्ण है।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा लोकतंत्र और संविधान की रक्षा सुनिश्चित की जाए। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन जारी रहा तो कांग्रेस व्यापक जनआंदोलन चलाने के लिए बाध्य होगी। कार्यक्रम में भगवान दास सेठिया, संतोष त्रिपाठी, मुकेश गर्ग, हलीम पठान, मनोज देपुरिया, रेखा भदौरिया, बृजेंद्र सिंह भदौरिया, सोनवीर यादव, डॉ. अनिल भारद्वाज, विनोद पंडित, पान सिंह सुमन, दर्शन सिंह तोमर, संजीव बरुआ, राहुल सिंह राजावत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे। अंत में सभी ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का संकल्प लिया।















Leave a Reply