भिण्ड। जिला पुलिस ने 15 वर्षों से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के ईनामी स्थायी वारंटी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक भिण्ड श्री सूरज कुमार वर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संजीव पाठक एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री निरंजन सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में थाना देहात प्रभारी निरीक्षक शिवप्रताप सिंह राजावत के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार 15 मार्च 2000 को राजेन्द्र कॉन्वेंट स्कूल, ग्वालियर रोड भिण्ड में नौ आरोपियों द्वारा दूसरे परीक्षार्थियों के स्थान पर बैठकर फर्जी तरीके से परीक्षा देने का मामला सामने आया था। इस संबंध में थाना देहात में धारा 420, 419 भादवि एवं परीक्षा अधिनियम की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। न्यायालय में लगातार अनुपस्थित रहने के कारण आरोपी के खिलाफ स्थायी वारंट जारी किया गया था।
पुलिस अधीक्षक द्वारा आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी पिछले 15 वर्षों से गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था और पहचान छिपाकर रह रहा था। मुखबिर तंत्र से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे मेहगांव के भारद्वाज मार्केट क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई में निरीक्षक शिवप्रताप सिंह राजावत, उपनिरीक्षक विजय शिवहरे, प्रधान आरक्षक गुरूदास सोही सहित थाना देहात पुलिस व साइबर सेल भिण्ड की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
















Leave a Reply