भिण्ड। थाना देहात पुलिस ने सात वर्षों से फरार चल रहे एक स्थायी वारंटी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी अपनी पहचान और ठिकाना बदल-बदल कर गिरफ्तारी से बचता रहा, लेकिन पुलिस के सक्रिय मुखबिर तंत्र और सुनियोजित कार्रवाई के चलते आखिरकार वह कानून के शिकंजे में आ गया।
पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव पाठक तथा नगर पुलिस अधीक्षक निरंजन सिंह राजपूत के निर्देशन में थाना प्रभारी देहात निरीक्षक शिवप्रताप सिंह राजावत के नेतृत्व में जिले में फरार अपराधियों और स्थायी वारंटियों की धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत 31 मई को पुलिस टीम ने मुरैना जिले के सुमावली क्षेत्र में दबिश देकर स्थायी वारंटी विनोद कुमार कुशवाह (34) पुत्र भगवान सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले सात वर्षों से फरार था और लगातार अपना नाम व निवास स्थान बदलकर गिरफ्तारी से बच रहा था। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने सुमावली पहुंचकर घेराबंदी की और उसे हिरासत में ले लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक शिवप्रताप सिंह राजावत, उपनिरीक्षक अजय यादव, प्रधान आरक्षक गुरूदास सोही तथा आरक्षक अवधेश चौहान, भूपेन्द्र तोमर, कमल तोमर, अजीत सिकरवार, सुमित शर्मा, फिरोज खान और ज्ञानेन्द्र मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस सफलता को जिले में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।













Leave a Reply