Advertisement

हनी ट्रैप गैंग का पर्दाफाश, दो महिला सहित 4 आरोपी गिरफ्तार

Hsarat ali
भिण्ड। देहात थाना पुलिस ने हनी ट्रैप कर ब्लैकमेलिंग करने वाले एक गैंग का पर्दाफाश करते हुए दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी वृद्ध पुरुषों को निशाना बनाकर अश्लील वीडियो तैयार करते थे और फिर झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर लाखों रुपये की मांग करते थे।
पुलिस के अनुसार 27 मई को एक किसान ने शिकायत दर्ज कराई कि 23 मई को वह भिण्ड बाजार से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में एक महिला मिली जिसने पैर में दर्द होने का बहाना बनाकर उसे घर तक छोड़ने की मदद मांगी। फरियादी महिला को उसके घर छोड़ने गया, जहां महिला ने चाय पिलाने के बहाने उसे घर के अंदर बुला लिया। यहां पहले से रची गई साजिश के तहत गैंग के अन्य सदस्यों ने उसका अश्लील वीडियो बना लिया।

इसके बाद आरोपियों ने वीडियो वायरल करने, झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसाने और जान से मारने की धमकी देकर किसान से सात लाख रुपये की मांग की। आरोपियों ने तत्काल पांच हजार रुपये वसूल लिये और बाकी रकम खेत बेचकर देने का दबाव बना रहे थे। शिकायत पर देहात थाना में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भिण्ड श्री सूरज कुमार वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संजीव पाठक एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री निरंजन सिंह राजपूत के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक शिवप्रताप सिंह राजावत के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए हजूरीपुरा रोड से दो महिलाओं सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि उन्होंने अन्य लोगों के साथ भी इसी प्रकार की वारदातें की हैं या नहीं। पुलिस द्वारा अन्य संभावित पीड़ितों की पहचान करने का प्रयास भी किया जा रहा है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शिवप्रताप सिंह राजावत, उपनिरीक्षक अजय यादव, प्रमोद तोमर, विजय शिवहरे सहित देहात थाना पुलिस एवं साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

भिण्ड पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के साथ ब्लैकमेलिंग या हनी ट्रैप जैसी घटना होती है तो बिना भय और संकोच के तुरंत नजदीकी पुलिस थाना में सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *