पंडोखर सरकार के दर्शन कर लौटते समय हुआ हादसा, परिवार में मचा कोहराम
भिण्ड। जिले के फूप थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भदाकुर के पास शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सड़क किनारे टूटे पड़े खेत की फेंसिंग के तार में उलझने से बाइक सवार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान अवधेश कुमार पुत्र ओमप्रकाश यादव ( 50)निवासी ग्राम नगरा खंगार, जिला फिरोजाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। बताया गया है कि अवधेश कुमार पंडोखर सरकार के दर्शन कर बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान भड़ा कुर गांव के पास सड़क किनारे टूटकर लटक रहे खेत की फेंसिंग के तार में उनकी बाइक उलझ गई। हादसा इतना भीषण था कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एवं डायल 112 मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल जिला चिकित्सालय भिण्ड पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों और रिश्तेदारों में मातम छा गया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।













Leave a Reply