Advertisement

फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार

भिण्ड सिटी कोतवाली पुलिस ने फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लैपटॉप, प्रिंटर, मोबाइल फोन और कई फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस कार्ड बरामद किए हैं। मामले में पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फरियादी ने 14 मई 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपियों ने ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के नाम पर उससे 2500 रुपये लिए और फर्जी लाइसेंस बनाकर दे दिया। जब फरियादी ने आरटीओ कार्यालय में लाइसेंस की जांच कराई तो वह फर्जी निकला। शिकायत के आधार पर थाना सिटी कोतवाली भिण्ड में अपराध क्रमांक 221/26 दर्ज किया गया।

पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा के निर्देशन में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरटीओ कार्यालय के पीछे पानी की टंकी के पास घेराबंदी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके मोबाइल में फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस की सॉफ्ट कॉपी मिली। पूछताछ के बाद दूसरे आरोपी को कलेक्ट्रेट के सामने टीन शेड के नीचे से गिरफ्तार किया गया। आरोपी फोटोशॉप सॉफ्टवेयर की मदद से हूबहू फर्जी लाइसेंस तैयार करता था।

जांच में सामने आया कि एक आरोपी पहले आरटीओ कार्यालय में एजेंट के रूप में काम करता था। बाद में उसने लोगों के दस्तावेज लेकर फर्जी लाइसेंस तैयार करने का अवैध कारोबार शुरू कर दिया। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने कई अन्य लोगों के भी फर्जी लाइसेंस तैयार किए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एचपी कंपनी का लैपटॉप, एक प्रिंटर, तीन फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस कार्ड, चार खाली प्लास्टिक कार्ड और दो एंड्रॉयड मोबाइल जब्त किए हैं। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश शाक्य सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *