मिहोना में व्यापार मंडल की बैठक आयोजित
भिण्ड। मिहोना स्थित मंदाकनी गार्डन में मिहोना थाना पुलिस एवं नगर परिषद के संयुक्त तत्वावधान में व्यापार मंडल की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर के व्यापारी बंधुओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर नगर की विभिन्न समस्याओं और व्यवस्थाओं पर चर्चा की।
बैठक में मुख्य रूप से नगर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने, अतिक्रमण हटाने और नशा मुक्ति अभियान को प्रभावी बनाने जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।
लहार एसडीओपी प्रवीण त्रिपाठी ने कहा कि नगर में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर करने के लिए प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने हेतु जगह चिन्हित की जा रही है।
उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
नगर परिषद सीएमओ उमाशंकर शर्मा ने गणेश बाजार क्षेत्र में जगह की कमी का उल्लेख करते हुए व्यापारियों से सड़क पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि नगर परिषद द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, इसलिए सभी व्यापारी प्रशासन का सहयोग करें।
थाना प्रभारी रोहित गुप्ता ने बैठक में नशा मुक्ति अभियान को लेकर व्यापारियों से सहयोग मांगा। उन्होंने शराब, गुटखा, बीड़ी, जुआ और सट्टा जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने में समाज की भागीदारी को जरूरी बताया। साथ ही नगर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस को निरंतर सहयोग देने की अपील की।

















Leave a Reply