Advertisement

किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस का चक्का जाम आज

मुरैना नेशनल हाईवे पर आंदोलन की तैयारी, भिंड में हुई रणनीति बैठक

भिंड। मध्य प्रदेश में किसान उपार्जन केंद्रों पर टोकन सिस्टम की अव्यवस्था, तुलाई में कथित भ्रष्टाचार और भुगतान में हो रही देरी के विरोध में कांग्रेस आज 7 मई को मुरैना नेशनल हाईवे पर चक्का जाम आंदोलन करेगी। आंदोलन की तैयारी को लेकर जिला कांग्रेस के प्रभारी श्री सुनील शर्मा ने कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक ली।

बैठक जिला कांग्रेस कमेटी भिंड शहर अध्यक्ष श्री धर्मेंद्र सिंह भदोरिया ‘पिंकी’ एवं ग्रामीण अध्यक्ष श्री रामशेष बघेल के नेतृत्व में प्रमोद चौधरी मैरिज गार्डन में आयोजित हुई। बैठक में आंदोलन को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया।

बैठक के बाद आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रभारी सुनील शर्मा ने भाजपा सरकार पर किसानों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उपार्जन केंद्रों पर स्लॉट बुकिंग और टोकन सिस्टम पूरी तरह विफल साबित हुआ है, जिससे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने समर्थन मूल्य पर किसानों को ठगे जाने, भुगतान में देरी और मजबूरी में किसानों द्वारा बाहर फसल बेचने की स्थिति को गंभीर बताया।

उन्होंने मांग की कि प्रत्येक किसान की फसल समर्थन मूल्य पर खरीदी जाए, भावांतर योजना का पूरा भुगतान मिले तथा उपार्जन का भुगतान सात दिनों के भीतर करने की कानूनी गारंटी तय की जाए। कांग्रेस इन्हीं मांगों को लेकर मुरैना में नेशनल हाईवे पर चक्का जाम करेगी।

जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह भदोरिया ने आरोप लगाया कि उपार्जन केंद्रों पर व्यापारियों का एक गुट मनमानी कर रहा है और अपनी पसंद की दरों पर फसल खरीदकर भुगतान में भी देरी कर रहा है।

वहीं ग्रामीण जिला अध्यक्ष रामशेष बघेल ने कहा कि किसानों से समर्थन मूल्य से कम दाम पर अनाज खरीदा जा रहा है, जो किसानों का खुला शोषण है।

बैठक में वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. राधेश्याम शर्मा, पूर्व विधायक सोपत सिंह जाटव, रेखा भदोरिया, मुकेश गर्ग, संतोष त्रिपाठी, हलीम पठान, आशुतोष शर्मा, बृजेंद्र सिंह भदोरिया, राकेश सिंह भदोरिया, चैतन्य शर्मा, स्मिता शर्मा, राहुल कुशवाह, सत्येंद्र भदोरिया, डॉ. अरविंद शर्मा, पान सिंह सुमन, राहुल सिंह राजावत, रामजी लाल शाक्य, आनंद स्वरूप शाक्य, योगेश भदोरिया, दीपक शर्मा, करण तोमर, दीपू दुबे, नईम खान, मोहम्मद इरफान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *