उत्तर प्रदेश के एटा जिले से बरामद कर परिजनों को सौंपा, पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
भिंड/लहार। पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत लहार थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब चार वर्षों से अपहृत नाबालिग बालिका को सकुशल दस्तयाब कर उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। इस सराहनीय कार्रवाई से पुलिस विभाग की सक्रियता और प्रतिबद्धता एक बार फिर सामने आई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 14 अप्रैल 2022 को एक फरियादी ने थाना लहार में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 17 वर्षीय भांजी को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर ले गया है। इस पर थाना लहार में अपराध क्रमांक 93/22 धारा 363 भादवि के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी शिव सिंह यादव द्वारा तत्काल टीमों का गठन कर विभिन्न स्थानों पर लगातार तलाश और पतारसी की जा रही थी।
लगातार प्रयासों के फलस्वरूप दिनांक 28 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम ने अपहृत बालिका को उत्तर प्रदेश के जिला एटा से सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूर्ण कर बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शिव सिंह यादव के नेतृत्व में उपनिरीक्षक गीता सिकरवार, आरक्षक अक्षय दीक्षित, विशाल मिश्रा, शैलेन्द्र सिंह यादव, आनंद दीक्षित (सायबर सेल भिण्ड) एवं महिला आरक्षक रूबी चौहान की विशेष भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम के इस उत्कृष्ट कार्य की सराहना की है।













Leave a Reply