Advertisement

मनगढ़ंत निकली ‘लूट’ की सनसनी: पुलिस की सूझबूझ से खुला सच, 12 लाख के जेवर बरामद

भिण्ड जिले के ऊमरी थाना क्षेत्र में घर में घुसकर मारपीट और लाखों के जेवर लूटने की सनसनीखेज शिकायत आखिरकार झूठी साबित हुई। पुलिस की सधी हुई जांच और मनोवैज्ञानिक पूछताछ के आगे महिला ने खुद ही सच्चाई कबूल कर ली। इस पूरे मामले में करीब 12 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात भी बरामद कर लिए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक भिण्ड डॉ. असित यादव के निर्देशन में. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव पाठक के मार्गदर्शन एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय भिण्ड दीपक तोमर के पर्यवेक्षण में थाना ऊमरी पुलिस द्वारा घर में घुसकर मारपीट और जेवर लूटने की सनसनीखेज शिकायत का पर्दाफाश कर सोने चांदी के जेवरात को बरामद करने में सफलता प्राप्त की है।

ऐसे रची गई ‘लूट’ की कहानी…
ग्राम लहरौली निवासी एक महिला ने 23 अप्रैल की सुबह थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि रात करीब 2 बजे चार नकाबपोश बदमाश हथियार लेकर उसके घर में घुस आए। महिला के अनुसार, बदमाशों ने बेल्ट से मारपीट कर उसे बेहोश कर दिया और अलमारी व बक्सों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवर व मोबाइल समेत करीब 12 लाख रुपये का सामान लूट ले गए। घटना के समय घर के अन्य सदस्य शादी समारोह में गए हुए थे, जबकि ससुर खेत पर थे।

जांच में सामने आया ‘संदेह’….
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक शिव प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। फिंगरप्रिंट टीम से भी जांच कराई गई। प्रारंभिक जांच में महिला के बयान और घटनास्थल के हालात में विरोधाभास नजर आया, जिससे पुलिस को मामला संदिग्ध लगा।

मनोवैज्ञानिक पूछताछ में टूटी ‘कहानी’…
पुलिस ने महिला से गहन और मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की। आखिरकार महिला ने स्वीकार किया कि उसने घरेलू विवाद के चलते यह पूरी कहानी गढ़ी थी। उसने बताया कि परिवार की अनुपस्थिति में उसने खुद ही जेवर छिपा दिए थे और लूट का नाटक रच दिया।

निशानदेही पर बरामद हुए जेवर…
महिला की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 12 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर लिए, जिन्हें बाद में परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि महिला की शिकायत पूरी तरह झूठी पाई गई है।

इनकी रही अहम भूमिका…
इस खुलासे में थाना प्रभारी शिव प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक ध्यानेन्द्र सिंह, मलखान सिंह, नयागांव थाना प्रभारी वैभव तोमर, फिंगरप्रिंट उपनिरीक्षक मुनेन्द्र राठौर व उनकी टीम सहित सोनेन्द्र सिंह, राहुल तोमर, निधि परमार और मोहम्मद आजम की सराहनीय भूमिका रही।

पुलिस का संदेश…
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि झूठी शिकायतें न करें। इससे न सिर्फ पुलिस का समय और संसाधन व्यर्थ होता है, बल्कि वास्तविक मामलों की जांच भी प्रभावित होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *