Advertisement

19 अप्रैल को होगा प्रजापति समाज का तृतीय सामूहिक विवाह सम्मेलन, चार गरीब कन्याओं के होंगे हाथ पीले

भिंड। सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने और कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता फैलाने की दिशा में आदर्श प्रजापति समाज सुधार समिति एक बार फिर सराहनीय पहल करने जा रही है। समिति के तत्वावधान में तृतीय सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन 19 अप्रैल, रविवार को शहर के बीएसएनएल भवन के पीछे स्थित बाबा खाटू श्याम मैरिज गार्डन में किया जाएगा।

आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।
समिति के मीडिया प्रभारी रविरमन प्रजापति ने बताया कि प्रजापति समाज द्वारा लगातार तीसरे वर्ष इस सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह पूरे सम्मान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराना है, जिससे दहेज प्रथा जैसी सामाजिक बुराई पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

चार कन्याओं का होगा विधि-विधान से विवाह
समिति अध्यक्ष राजेश प्रजापति के अनुसार इस वर्ष सम्मेलन में चार गरीब कन्याओं का विवाह पूरे विधि-विधान से कराया जाएगा। समिति की ओर से नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी का आवश्यक सामान भी उपहार स्वरूप प्रदान किया जाएगा, ताकि वे अपने नए जीवन की शुरुआत सहजता के साथ कर सकें।

विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह होंगे मुख्य अतिथि
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भिंड विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह शामिल होंगे। इसके अलावा विभिन्न जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, प्रबुद्धजन एवं गणमान्य नागरिक भी समारोह में मौजूद रहेंगे। आयोजकों के मुताबिक भिंड के अलावा मुरैना, दतिया, ग्वालियर सहित आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में समाजबंधु सम्मेलन में शामिल होंगे।

समाज सुधार का सशक्त संदेश
आदर्श प्रजापति समाज सुधार समिति लंबे समय से समाज में फैली कुरीतियों को दूर करने, शिक्षा को बढ़ावा देने और सामाजिक एकता को मजबूत करने के लिए सक्रिय है। सामूहिक विवाह सम्मेलन के माध्यम से समिति फिजूलखर्ची पर रोक लगाने और दहेज प्रथा खत्म करने का संदेश दे रही है। समिति ने समाज के लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस आयोजन को सफल बनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *