Advertisement

जनसहभागिता से ही संभव है सर्वांगीण विकास : शिवप्रताप सिंह भदौरिया

सगरा में समाज विकास विषयक प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न

भिंड। ग्राम सगरा स्थित ताल वाले हनुमान जी मंदिर परिसर, नयागांव सेक्टर में चौ. रूप नारायण दुबे समाज कल्याण समिति, भिंड के तत्वावधान में समाज विकास विषयक एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में जनभागीदारी को बढ़ावा देना एवं सामाजिक विकास की अवधारणाओं के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वय श्री शिवप्रताप सिंह भदौरिया उपस्थित रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास के लिए जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है। परिषद की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से अंतिम व्यक्ति तक विकास की धारा पहुंचाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।
विशिष्ट अतिथि श्री राधे गोपाल यादव ने युवाओं से सामाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया और उन्हें समाज निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

प्रशिक्षण सत्र में मेंटर श्री नीरज शर्मा ने मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद की कार्यप्रणाली, स्वैच्छिक संस्थाओं के गठन एवं प्रबंधन तथा परियोजना समितियों के संचालन पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं उमंग स्वास्थ्य केंद्र के काउंसलर श्री अंकित दुबे ने समाज विकास एवं सामुदायिक सहभागिता के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में संस्था के सदस्य श्री योगेश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए सामाजिक विकास से जुड़े विषयों पर जानकारी प्राप्त की।

अंत में आभार प्रदर्शन श्री योगेश यादव द्वारा किया गया। कार्यक्रम का समापन प्रश्नोत्तर सत्र एवं समाज सेवा के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *