Advertisement

33 साल लगे परिवार का संकल्प पूरा होने में,शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा के साथ पधारे स्व. पं. लक्ष्मी नारायण…

भिंड

ब्राह्मण समाज के कर्मठ और समाजसेवी स्वर्गीय पंडित लक्ष्मी नारायण शर्मा की स्मृति में राजौरिया परिवार द्वारा लिया गया संकल्प 33 वर्षों बाद पूर्ण हुआ। इस अवसर पर भगवान शिव के संपूर्ण परिवार की प्राण प्रतिष्ठा के साथ स्व. पं. लक्ष्मी नारायण शर्मा की प्रतिमा का अनावरण किया गया। कार्यक्रम में संत समाज, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
दंदरौआ सरकार के महंत ने किया प्रतिमा का अनावरण:
प्रतिमा का अनावरण श्रीश्री 1008 दंदरौआ सरकार के महंत रामदास महाराज के करकमलों द्वारा किया गया। इसके साथ ही वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव, माता पार्वती, भगवान गणेश और कार्तिकेय सहित शिव परिवार की विधि-विधान से प्राण प्रतिष्ठा कर हवन-पूजन की पूर्णाहुति दी गई। संत समाज ने इस अवसर पर राजौरिया परिवार को आशीर्वाद प्रदान करते हुए स्वर्गीय पंडित लक्ष्मी नारायण शर्मा के समाज के प्रति योगदान को याद किया।

स्व. पं. लक्ष्मीनारायण शर्मा का स्वतंत्रता सेनानी और मीसाबंदी के रूप में रहा योगदान:
वक्ताओं ने बताया कि स्वर्गीय पंडित लक्ष्मी नारायण शर्मा ब्राह्मण समाज के जुझारू और कर्मठ व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने समाज के उत्थान और संगठन के लिए निरंतर प्रयास किए। स्वतंत्रता सेनानी और मीसाबंदी के रूप में भी उनका योगदान रहा। समाज को संगठित करने के उद्देश्य से उन्होंने अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसमें उनके सहयोगी स्वर्गीय परशुराम कटारे भी उनके साथ रहे। समाज को एकजुट करने के लिए उन्होंने साइकिल और पैदल चलकर गांव-गांव संपर्क किया और लोगों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया। युवाओं की शिक्षा को ध्यान में रखते हुए समाज के लोगों से एक-एक रुपया चंदा एकत्रित कर भूमि खरीदी, जहां भगवान परशुराम की प्रतिमा स्थापित कराई गई और छात्र-छात्राओं के लिए परशुराम छात्रावास बनाने का संकल्प लिया।

सड़क में हुआ था असामयिक निधन:
बताया जाता है कि छात्रावास के निर्माण कार्य के दौरान एक सड़क दुर्घटना में उनका असामयिक निधन हो गया। वे प्रतिदिन की तरह निर्माण कार्य की देखरेख कर मजदूरों को मजदूरी देने के बाद घर लौट रहे थे, तभी ब्लॉक कॉलोनी के पास एक अज्ञात वाहन की टक्कर से उनकी मृत्यु हो गई। उनके निधन की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई थी और बड़ी संख्या में लोगों ने अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि दी थी। समाज के प्रबुद्ध नागरिकों और संत समाज ने उस समय उनकी स्मृति में प्रतिमा स्थापित करने का निर्णय लिया था। वर्षों बाद राजौरिया परिवार ने इस संकल्प को आगे बढ़ाते हुए भगवान शिव परिवार की प्राण प्रतिष्ठा के साथ स्व. पंडित लक्ष्मी नारायण शर्मा की प्रतिमा का अनावरण कराया।
इस अवसर पर महंत अवधूत महाराज चिलोंगा वाले, महंत कालीदास महाराज साईं धाम तेजपुरा, गुड्डू पुजारी परशुराम मंदिर, अमित उर्फ पिंकी दांतरे मेहगांव, पूर्व मंत्री चौधरी राकेश सिंह चतुर्वेदी, डॉ. रमेश दुबे, पूर्व विधायक संजीव सिंह कुशवाह, पूर्व विधायक गिर्राज दंडोतिया, ब्राह्मण महासभा अध्यक्ष सतीश जोशी, बाबा भगवानदास सेठिया, ओमप्रकाश पुरोहित, डॉ. रामबाबू शर्मा, राजेंद्र प्रसाद शर्मा, राकेश शर्मा, शशिकांत राजौरिया, देवेश शर्मा, कमलेश सेठिया, राजमणि शर्मा, प्रेम नारायण शर्मा, गुड्डू बसेडिया, अजय शर्मा, सुभाष शर्मा, रमन शर्मा, नितिन शर्मा, प्रांजल शर्मा सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *