मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
भिंड। जिले के अटेर विधानसभा अंतर्गत ग्राम कल्याणपुरा में भूतपूर्व सैनिक हरिदास देपुरिया की पत्नी की हत्या के मामले में एक वर्ष बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से पूर्व सैनिकों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इस गंभीर प्रकरण को लेकर अब सैनिक संगठन आंदोलन की राह पर उतर आए हैं।
इंडियन वेटर्न ऑर्गनाइजेशन सैनिक संघटन के राष्ट्रीय अध्यक्ष वेटर्न जोगिंदर सिंह सेंगर ने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर मामले में शीघ्र कार्रवाई करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
संगठन के जिला अध्यक्ष सूबेदार मेजर शिव बहादुर सिंह भदौरिया ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति में बताया कि 15 अप्रैल को पुलिस अधीक्षक कार्यालय भिंड पर विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें स्वयं राष्ट्रीय अध्यक्ष जोगिंदर सिंह सेंगर भी शामिल होंगे। इस दौरान संभाग भर के विभिन्न सैनिक संगठनों के पदाधिकारी और पूर्व सैनिक बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
उन्होंने बताया कि प्रदर्शन का मार्च बड़े हनुमान मंदिर अटेर रोड से सुबह 10:30 बजे प्रारंभ होकर सदर बाजार और बजरिया होते हुए एसपी कार्यालय पहुंचेगा, जहां पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा जाएगा। संगठन का कहना है कि उनकी लड़ाई पीड़ित सैनिक परिवार को न्याय दिलाने तक जारी रहेगी।
इस प्रदर्शन में संभागीय अध्यक्ष सूबेदार मेजर सुरेश सिंह तोमर, वरिष्ठ भाजपा पार्षद एवं पूर्व सैनिक बलबीर सिंह तोमर, अर्ध सैनिक कल्याण संघ के जिला अध्यक्ष गंगासिंह राजावत, जांबाज सैनिक संगठन अध्यक्ष चन्द्रबीर सिंह चौहान, सूबेदार मेजर राम अवतार सिंह परमार, कैप्टन अर्जुन सिंह यादव, कैप्टन कालीचरण शर्मा, सूबेदार मेजर मुन्नालाल यादव, कैप्टन राधेश्याम दंडोतिया सहित कई प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
सभी संगठनों के पदाधिकारियों ने जिले के अधिक से अधिक पूर्व सैनिकों से इस आंदोलन में शामिल होकर एकजुटता दिखाने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की अपील की है।

















Leave a Reply