Advertisement

शिक्षा पर पहरा था, फुले ने तोड़ी बेड़ियां” : गोहद में गरजे फूल सिंह बरैया

ग्वालियर में 10 लाख की हुंकार, बड़े आंदोलन की तैयारी

भिंड. गोहद में महात्मा ज्योतिराव फुले की 200वीं जयंती पर गोहद में जागृति मंच के तत्वावधान में आयोजित भव्य कार्यक्रम में भांडेर विधायक फूल सिंह बरैया ने शिक्षा, समानता और अधिकारों को लेकर जोरदार हुंकार भरी। उन्होंने कहा कि सदियों तक दलितों और पिछड़ों को शिक्षा से वंचित रखा गया, लेकिन महात्मा ज्योतिराव फुले ने पहली बार महिलाओं के लिए स्कूल खोलकर सामाजिक क्रांति की नींव रखी।

बरैया ने कहा, “किसी को शिक्षा से दूर रखना उसे हमेशा कमजोर बनाए रखना है। अगर शिक्षा पर पाबंदियां न होतीं तो भारत आज दुनिया के अग्रणी देशों में होता।” उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर और छत्रपति शाहू महाराज के योगदान को याद करते हुए सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

राजनीतिक संदर्भ में उन्होंने राहुल गांधी की सराहना करते हुए कहा कि वे संविधान और समानता की बात मजबूती से उठा रहे हैं। साथ ही ग्वालियर में 10 लाख लोगों के विशाल आंदोलन की घोषणा कर कार्यकर्ताओं को तैयारियों में जुटने का संदेश दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता हर नारायण कुशवाह ने की, जबकि आयोजन केदार कौशल द्वारा शैलेंद्र गुर्जर के सहयोग से किया गया। इस दौरान पूर्व विधायक मदन कुशवाह ने भावुक अपील करते हुए कहा, “यह भीड़ सिर्फ कार्यक्रम नहीं, एक आंदोलन की शुरुआत है। हमें इसे मिशन बनाकर वंचित वर्गों को उनका हक दिलाना होगा।”

शोभा यात्रा ने बनाया माहौल
फुले जयंती के अवसर पर निकली भव्य शोभा यात्रा गोलंबर तिराहा से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए न्यू अभिनंदन वाटिका पहुंची। रास्तेभर पुष्प वर्षा और स्वागत ने आयोजन को उत्सव का रूप दिया। अंत में यह यात्रा विशाल सभा में परिवर्तित हो गई, जहां भारी जनसमूह उमड़ा।

सामाजिक एकता का संदेश
कार्यक्रम में पूर्व विधायक मदन कुशवाह, रामनारायण हिंडोलिया, रामशेष बघेल, सुरेंद्र सिंह तोमर सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और सैकड़ों लोग मौजूद रहे। पूरे आयोजन ने शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय का मजबूत संदेश देते हुए क्षेत्र में नई जागरूकता और एकता की ऊर्जा का संचार किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *