Advertisement

पत्नी ने प्रेमी संग रची साजिश, पति की हत्या

अंधे कत्ल का पर्दाफाश:

भिण्ड | थाना अटेर पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर एक सनसनीखेज अंधे कत्ल का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। मामले में पुलिस ने तकनीकी और मनोवैज्ञानिक जांच के जरिए सच्चाई उजागर की।

घटना 8 अप्रेल की है, जब मृतक की पत्नी ने पुलिस को सूचना दी थी कि वह अपने पति और बच्ची के साथ मायके जामना से गांव खरिका लौट रही थी। रास्ते में रिदौली-खरिका रोड पर बाइक रोकने के दौरान पीछे से आए दो अज्ञात बदमाशों ने उसके पति को गोली मार दी। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस को कई संदिग्ध पहलू नजर आए। तकनीकी साक्ष्य और कॉल डिटेल्स के आधार पर मृतक की पत्नी पर संदेह गहराया। सख्ती और मनोवैज्ञानिक पूछताछ में पत्नी की कहानी टूट गई और पूरे हत्याकांड का खुलासा हो गया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि पत्नी का अपने देवर से प्रेम प्रसंग चल रहा था और दोनों आपस में व्हाट्सएप कॉलिंग के जरिए संपर्क में रहते थे। पति को रास्ते से हटाने के लिए दोनों ने मिलकर सुनियोजित तरीके से हत्या की साजिश रची। योजना के तहत घटना को लूट जैसा दिखाने का प्रयास किया गया।

पुलिस ने आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि प्रेमी का एक अन्य साथी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 12 बोर का देशी कट्टा, बिना नंबर की मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
इस मामले के खुलासे पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 10,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में एसडीओपी अटेर रविन्द्र वास्कले, थाना प्रभारी छत्रपाल सिंह तोमर सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों और कर्मचारियों की अहम भूमिका रही, जिनकी सराहना की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *