भिंड। जिले के देहात थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब लापता चल रहे किसान महेश सिंह भदौरिया (64) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में एक पुलिया के पास मिला। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया, वहीं परिजनों ने इसे हत्या करार देते हुए निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है।
जानकारी के अनुसार,सेवड़ा अकोड़ा निवासी हाल वीरेंद्र वाटिका के पास महेश सिंह भदौरिया बीते शनिवार को रोजाना की तरह अपने खेत पर गए थे, लेकिन इसके बाद से उनका मोबाइल बंद हो गया और वे लापता हो गए। परिजनों द्वारा लगातार तलाश के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं लगा।
सोमवार को देहात थाना अंतर्गत जमुना से बाराकला की ओर जाने वाली रिंग रोड की पुलिया के पास महेश सिंह का शव पड़ा मिला।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ग्वालियर भिजवाया।
मृतक के बेटे कौशलेंद्र सिंह ने घटना को हत्या बताते हुए पुलिस से कहा है कि उनके पिता का जमीन बंटवारे को लेकर अपनी बहनों से विवाद चल रहा था, जो कोर्ट में विचाराधीन है। उन्होंने आशंका जताई कि इसी विवाद के चलते उनके पिता की हत्या की गई है। परिजनों ने निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए ग्वालियर पैनल से पोस्टमार्टम कराने का निर्णय लिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया हैं।
वहीं देहात थाना प्रभारी मुकेश शाक्य ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच कर रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है, जबकि पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है।














Leave a Reply