Advertisement

गैस सिलेंडर और बिजली दरों में बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस का धरना, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

भिंड, 30 मार्च (हसरत अली)

नगर ब्लॉक कांग्रेस एवं शहर ब्लॉक कांग्रेस ने रसोई गैस, डीजल-पेट्रोल की बढ़ती कीमतों और बिजली दरों में वृद्धि के विरोध में सोमवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार रणजीत सिंह कुशवाह को ज्ञापन सौंपकर बढ़ी हुई दरों को वापस लेने की मांग की।

धरना स्थल पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्रित हुए और केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार वृद्धि और आपूर्ति की कमी के कारण आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को घंटों लाइन में लगकर गैस और ईंधन लेना पड़ रहा है, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।

जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह भदौरिया ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण महंगाई चरम पर पहुंच गई है। रसोई गैस के दाम बढ़ने से आम आदमी की कमर टूट गई है और गरीब परिवारों का जीवन यापन कठिन हो गया है। उन्होंने कहा कि सरकार के “अच्छे दिन” के वादे अब खोखले साबित हो रहे हैं।

पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. राधेश्याम शर्मा ने कहा कि घरेलू व व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की कीमतों में वृद्धि और कमी के कारण लोग मजबूरी में पारंपरिक चूल्हों का सहारा ले रहे हैं। वहीं, 1 अप्रैल से प्रस्तावित बिजली दरों में वृद्धि से आम उपभोक्ताओं के मासिक खर्च में और बढ़ोतरी होगी। उन्होंने इसे जनविरोधी निर्णय बताया।

नगर कांग्रेस अध्यक्ष संतोष त्रिपाठी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों के आधार पर सरकार ने एक्साइज ड्यूटी में कटौती की है, लेकिन यदि यह कदम पहले उठाया जाता तो जनता को अधिक राहत मिलती। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आम जनता की बजाय बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने में लगी है।

ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर के बढ़े दाम तुरंत वापस लेने, गैस की कालाबाजारी पर रोक लगाने तथा प्रदेश में बढ़ाई जा रही बिजली दरों को निरस्त करने की मांग की।

धरना प्रदर्शन में डॉ. राधेश्याम शर्मा, बाबा भगवान दास सेठिया, मनोज दैपुरिया, रामहर्ष सिंह कुशवाह, रेखा भदौरिया, पान सिंह, हलीम पठान, रामजी लाल शाक्य, शिवशंकर भदौरिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *