Advertisement

भाजपा प्रशिक्षण शिविर में बोले डॉ. दुबे: सर्वहारा वर्ग की हितैषी है मोदी सरकार

भिण्ड। भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के अंतर्गत अटेर विधानसभा क्षेत्र के फूप मंडल का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर गिरिजा उत्सव वाटिका में आयोजित किया गया। शिविर के प्रथम दिवस के उद्घाटन सत्र में पार्टी प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. रमेश दुबे ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।

डॉ. दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार सर्वहारा वर्ग के हित में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद भारत में किसी प्रकार का संकट नहीं है और सरकार सभी आवश्यक कदम उठा रही है। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे झूठी अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखें और उनका तथ्यों के साथ जवाब दें।

उन्होंने प्रदेश सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में युवाओं, महिलाओं, किसानों और गरीब वर्ग के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। लाड़ली बहना योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता, वहीं किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों को सालाना 12 हजार रुपये प्रदान किए जा रहे हैं।

डॉ. दुबे ने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, निशुल्क राशन वितरण सहित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंच रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इन योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प लें।

कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण के साथ हुई। इस अवसर पर जिला महामंत्री शैलेंद्र पालीवाल, मंडल अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा, कैलाश पूजा एवं अनूप बघेल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *