Advertisement

स्कॉटलैंड में भिंड के छात्र की संदिग्ध मौत, परिवार ने जताई हत्या की आशंका

भिंड। जिले के एक किसान परिवार के इकलौते 21 वर्षीय बेटे की स्कॉटलैंड में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। मृतक छात्र की पहचान संस्कार श्रीवास्तव के रूप में हुई है, जो स्कॉटलैंड के यूनिवर्सिटी ऑफ स्टर्लिंग में एमएससी (फोरेंसिक साइंस) की पढ़ाई कर रहा था।

परिजनों के मुताबिक, स्कॉटलैंड पुलिस ने भारतीय दूतावास को सूचना देते हुए इसे आत्महत्या बताया है, लेकिन परिवार इस दावे से सहमत नहीं है। मृतक के पिता कुलदीप श्रीवास्तव और मां नीलम श्रीवास्तव ने मामले को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि संस्कार मानसिक रूप से मजबूत था और वह ऐसा कदम नहीं उठा सकता।
परिवार ने बताया कि संस्कार पढ़ाई में होनहार था और अपने भविष्य को लेकर गंभीर था। वह पढ़ाई के साथ-साथ पार्ट-टाइम नौकरी भी करता था, जिससे वह करीब 90 हजार रुपये प्रतिमाह तक कमा लेता था। ऐसे में उसके आत्महत्या करने का कोई कारण नजर नहीं आता।

मृतक की मां नीलम श्रीवास्तव के अनुसार, घटना से पहले उनकी बेटे से वीडियो कॉल पर बातचीत हुई थी। इस दौरान वह पूरी तरह सामान्य था और जल्द घर आने की बात कह रहा था। इससे परिवार को किसी अनहोनी की आशंका और गहरी हो गई है।

संस्कार अपने माता-पिता का इकलौता सहारा था। उसके पिता पिछले सात वर्षों से दृष्टिहीन हैं, जिससे परिवार की जिम्मेदारी काफी हद तक उसी पर थी। बेटे की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है।

परिजनों ने भारत सरकार से मामले में हस्तक्षेप कर निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने दोबारा पोस्टमार्टम कराए जाने की भी अपील की है, ताकि मौत के सही कारणों का खुलासा हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *