Advertisement

भाजपा प्रशिक्षण शिविर में योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर

डॉ. रमेश दुबे बोले—अंत्योदय की सोच ने बदली गरीबों की तकदीर

भिण्ड। भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के तहत अटेर विधानसभा क्षेत्र के पीपरी मंडल में दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन विरासत होटल में किया गया। शिविर के द्वितीय दिवस में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. रमेश दुबे ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक के व्यक्ति तक पहुंचाना ही संगठन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

समापन सत्र में भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का समापन किया गया। इस दौरान डॉ. दुबे ने केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार युवाओं, महिलाओं, किसानों एवं गरीब वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि लाड़ली बहना योजना के माध्यम से महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता दी जा रही है। वहीं किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को केंद्र व राज्य सरकार द्वारा सालाना 12 हजार रुपये दिए जा रहे हैं। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाएं समाज के हर वर्ग को सशक्त बना रही हैं।

डॉ. दुबे ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता अनुशासन, सेवा, समर्पण और त्याग की भावना से कार्य करते हैं और प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से उन्हें संगठन विस्तार के लिए तैयार किया जाता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संकल्प लें कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाएंगे।
कांग्रेस पर साधा निशाना

अपने संबोधन में डॉ. दुबे ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनके पास न तो कोई स्पष्ट विकास दृष्टि है और न ही ठोस योजनाएं। भाजपा अपने कार्यकर्ताओं के माध्यम से जनसेवा के लिए प्रतिबद्ध है और यही उसकी मूल विचारधारा है।

कार्यक्रम के अंत में गीत प्रस्तुति के साथ शिविर का समापन हुआ। प्रशिक्षण वर्ग का संचालन पूर्व सरपंच लालजी सिंह नरवरिया ने किया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष राय सिंह नरवरिया, मधुराज सिंह नरवरिया, कुबेर समधिया सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *