भिंड. जिला पंचायत भिंड में संचालित “नव दिवसीय नव संकल्प अभियान” के तहत पाँचवे दिन महिला सशक्तिकरण की एक अनूठी मिसाल देखने को मिली। ग्राम अड़ोखर निवासी कुमारी रावी कुशवाहा ने एक दिन की जिला पंचायत अध्यक्ष के रूप में दायित्व संभालते हुए प्रशासनिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाई।
जिला पंचायत कार्यालय पहुँचने पर अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती वंदना ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्हें जिला पंचायत की योजनाओं, कार्यप्रणाली और प्रशासनिक प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान जिला परियोजना अधिकारी नितिन दुबे भी मौजूद रहे।
महिला एवं बाल विकास की समीक्षा, दिए निर्देश
अपने कार्यकाल के दौरान रावी कुशवाहा ने महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक में सीडीपीओ परशुराम शर्मा ने विभागीय योजनाओं, पोषण आहार वितरण और आंगनवाड़ी सेवाओं की जानकारी दी। रावी ने बच्चों को समय पर पोषण आहार उपलब्ध कराने और उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आंगनवाड़ी केंद्र का किया निरीक्षण
इसके बाद उन्होंने एक आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया और बच्चों से संवाद स्थापित किया। उन्होंने केंद्र पर चल रही गतिविधियों का जायजा लेते हुए बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए व्यवस्थाओं को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
कृषि मंत्री ने किया उत्साहवर्धन
मध्यप्रदेश शासन के कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना ने वीडियो कॉल के माध्यम से रावी से बातचीत कर उनका हौसला बढ़ाया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने की पहल
जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया के नेतृत्व में चल रहा यह अभियान बेटियों को नेतृत्व के अवसर प्रदान कर उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है। “नव संकल्प अभियान” अब जिले में सामाजिक परिवर्तन और महिला सशक्तिकरण का सशक्त माध्यम बनता जा रहा है।
















Leave a Reply