भिंड। जिला कांग्रेस कमेटी शहर द्वारा रसोई गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और किल्लत के विरोध में रविवार को अनोखा प्रदर्शन किया गया। नगर कांग्रेस अध्यक्ष संतोष त्रिपाठी ने बताया कि जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह भदोरिया के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता अग्रसेन चौराहे पर एकत्र हुए और गैस सिलेंडर छपे एप्रिन पहनकर पैदल मार्च करते हुए राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा तक पहुंचे, जहां माल्यार्पण किया गया। एप्रिन पर वर्ष 2014 और 2026 के गैस सिलेंडर के दाम भी दर्शाए गए थे।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से गैस चूल्हे को नाली में रखकर जलाने का प्रयास किया, लेकिन चूल्हा नहीं जला। इसके बाद लकड़ी से चूल्हा जलाकर बेसन, पालक, धनिया, आलू और प्याज की पकौड़ियां बनाईं, जिन्हें पत्रकारों और आसपास के दुकानदारों को खिलाकर विरोध दर्ज कराया गया। कार्यक्रम के अंत में तहसीलदार भिंड रणजीत सिंह कुशवाह को ज्ञापन सौंपकर घरेलू एलपीजी सिलेंडर पर हाल ही में हुई ₹60 की बढ़ोतरी वापस लेने, शहर में कालाबाजारी रोकने और उज्ज्वला योजना के तहत सिलेंडर की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की गई।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह भदोरिया ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि रसोई गैस की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आमजन पर महंगाई का बोझ बढ़ा है और गैस की किल्लत से लोग परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण व्यावसायिक सिलेंडर भी बाजार से गायब हो रहे हैं, जिससे व्यापार प्रभावित हो रहा है। प्रदर्शन में पूर्व विधायक सोपात सिंह जाटव, डॉ. राधेश्याम शर्मा, रामहर्ष सिंह कुशवाह, रेखा भदोरिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
















Leave a Reply