Advertisement

एक माह पुराने अंधे कत्ल का खुलासा,5 आरोपी गिरफ्तार सामूहिक दुष्कर्म के बाद गला दबाकर की गई थी हत्या,

भिण्ड एसपी की बड़ी कार्रवाई:

आरोपियों पर 10-10 हजार का इनाम

भिण्ड, 22 मार्च।
जिले के सुरपुरा थाना क्षेत्र में एक माह पहले बोरी में बंद मिली महिला की लाश के सनसनीखेज मामले का भिण्ड पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. असित यादव ने रविवार को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस वार्ता में इस अंधे कत्ल का खुलासा करते हुए बताया कि महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने के बाद आरोपियों ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी थी। मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन पर पहले ही 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

घर से निकली, बोरी में मिली लाश
एसपी के अनुसार 16 फरवरी 2026 को ग्राम बड़कुरी निवासी महिला बाजार जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। दो दिन बाद 18 फरवरी को सुरपुरा थाना क्षेत्र के सोई के हार में एक अज्ञात महिला का शव प्लास्टिक की बोरी में मिला। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन लंबे समय तक कोई सुराग नहीं मिला।

साइबर और मुखबिर से खुला राज
घटना की गंभीरता को देखते हुए एएसपी संजीव पाठक और एसडीओपी अटेर रविन्द्र वास्कले के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। साइबर सेल और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। पुलिस ने सभी आरोपियों पर इनाम घोषित किया था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम रायपुरिया और थाना गोरमी क्षेत्र से पांचों आरोपियों को दबोच लिया।

खेत में पार्टी, फिर रची दरिंदगी की साजिश
पूछताछ में मुख्य आरोपी ने खुलासा किया कि घटना के दिन वह अपने चार साथियों के साथ खेत पर पार्टी कर रहा था। इसी दौरान महिला को अकेले जाते देख आरोपियों ने उसे अगवा कर सरसों के खेत में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। बाद में पहचान उजागर होने के डर से गला दबाकर हत्या कर दी और शव को बोरी में भरकर फेंक दिया।

वाहन, कपड़े और सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल वाहन, कपड़े तथा मृतका के पायल और चप्पल बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में दो शातिर अपराधी भी शामिल हैं, जिन पर पूर्व से कई मामले दर्ज हैं।

पुलिस टीम को मिली सराहना
इस जघन्य हत्याकांड का खुलासा करने पर पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम की सराहना की है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में राहत और सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *