Advertisement

महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का ‘हल्ला बोल’ 22 मार्च को,

गैस सिलेंडर कीमत और किल्लत पर गोल मार्केट में प्रदर्शन

भिण्ड। शहर जिला कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई, गैस सिलेंडर की कीमतों में 60 रुपये की वृद्धि और घरेलू व कॉमर्शियल सिलेंडरों की किल्लत के विरोध में 22 मार्च को शहर के गोल मार्केट पर जोरदार प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। यह निर्णय भूता कोठी स्थित कांग्रेस कार्यालय में शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह भदौरिया ‘पिंकी’ की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में लिया गया।

बैठक में पूर्व विधायक सोपत जाटव, पूर्व अध्यक्ष डॉ. राधेश्याम शर्मा, प्रदेश सह सचिव मनोज देपुरिया, रामहर्ष सिंह कुशवाह, संदीप मिश्रा, अनिल भारद्वाज और संजय भूता सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन नगर अध्यक्ष संतोष त्रिपाठी ने किया, जबकि आभार संगठन मंत्री मुकेश गर्ग ने व्यक्त किया।

बैठक में तय किया गया कि प्रदर्शन के दौरान क्षेत्रीय विधायक, सांसद और प्रभारी मंत्री को ओपन पत्र के माध्यम से आमंत्रित किया जाएगा। साथ ही महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे को उजागर करने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता और युवा प्रतीकात्मक रूप से पकोड़े तलकर विरोध दर्ज कराएंगे।

अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह भदौरिया ने कहा कि जिले में गैस सिलेंडर की भारी किल्लत से आमजन परेशान हैं, लोगों को लंबी कतारों में लगना पड़ रहा है और ब्लैक में सिलेंडर खरीदने को मजबूर होना पड़ रहा है। डॉ. राधेश्याम शर्मा ने बताया कि कॉमर्शियल सिलेंडर की कमी से होटल व्यवसाय प्रभावित हो रहा है और कई प्रतिष्ठान बंद होने की कगार पर हैं।
पूर्व विधायक सोपत जाटव ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महंगाई चरम पर है और सरकार इस पर नियंत्रण करने में पूरी तरह असफल रही है।

बैठक में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए रणनीति बनाई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *