Advertisement

विदेशी कंपनियों के जाल से खेती-व्यापार और रोजगार बचाने के लिए 24 मार्च को दिल्ली में माकपा की रैली

भिण्ड। भारतीय कृषि, लघु उद्योग और रोजगार को बचाने की मांग को लेकर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) 24 मार्च को दिल्ली में विशाल रैली आयोजित करेगी। पार्टी नेताओं का आरोप है कि केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा अमेरिका के साथ किया गया व्यापारिक समझौता भारत की अर्थव्यवस्था के लिए नुकसानदेह साबित होगा।

माकपा के राज्य सचिव मंडल सदस्य रामविलास गोस्वामी और अशोक तिवारी तथा किसान नेता बीरबल चैन ने भिण्ड शहर में आयोजित कई नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार द्वारा अमेरिका के साथ की गई व्यापारिक डील से भारत को लाभ कम और नुकसान अधिक होगा। उनका कहना है कि यदि अमेरिका से आने वाले उत्पादों पर भारत में टैक्स नहीं लिया गया तो इससे एक ओर सरकार के राजस्व पर असर पड़ेगा, वहीं दूसरी ओर भारतीय बाजार अमेरिकी वस्तुओं से भर जाएंगे। इससे भारतीय कृषि, लघु-कुटीर उद्योग और बड़े कारखानों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।

नेताओं ने कहा कि इस समझौते का सबसे अधिक असर किसानों, पशुपालन और मछली पालन से जुड़े लोगों पर पड़ेगा। उनका आरोप है कि भारत के उत्पाद जब अमेरिका के बाजार में जाएंगे तो उन पर 18 प्रतिशत से अधिक टैक्स लगाया जाएगा, जिससे अमेरिका को लाभ होगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस मुद्दे पर संसद में कोई चर्चा नहीं हुई है और केंद्र सरकार के जिम्मेदार मंत्री भी इस पर चुप हैं।

पार्टी नेताओं ने बताया कि देशभर में माकपा की ओर से 150 से अधिक जनआक्रोश जत्थों के माध्यम से जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में भिण्ड शहर में आधा दर्जन से अधिक नुक्कड़ सभाएं आयोजित की गईं, जिन्हें सीटू जिला अध्यक्ष विनोद सुमन, जिला महासचिव अनिल दौनेरिया और नरेश भटनागर ने भी संबोधित किया।
जनआक्रोश जत्था का भिण्ड शहर में डॉ. दिनेश चंद्र जैन, कानिया, रामोतार नरवरिया, राकेश कुशवाहा, अरविंद खेमरिया, हवलदार सिंह, अशोक शर्मा, सुरेश राठौर, अजय श्रीवास, श्रीकृष्ण वाल्मीकि, महेश्वरी जाटव और अरुण यादव सहित कई लोगों ने विभिन्न स्थानों पर स्वागत किया।

जानकारी के अनुसार यह जनआक्रोश जत्था 12 मार्च को मालनपुर औद्योगिक क्षेत्र से भिण्ड जिले में प्रवेश किया था और जिले में 22 से अधिक नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया। इसके बाद 14 मार्च को गोरमी होते हुए जत्था मुरैना जिले की पोरसा सीमा में प्रवेश कर गया।

इस संबंध में जानकारी सीटू जिला महासचिव अनिल दौनेरिया ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *