संत समाज के आंदोलन को कांग्रेस का समर्थन, 16 मार्च को बरेठा टोल प्लाजा पर होगा जन आंदोलन
Hasrat ali
भिंड। जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर जिलाध्यक्ष रामशेष बघेल की अध्यक्षता में विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में 16 मार्च को ग्वालियर-भिंड-इटावा नेशनल हाईवे-719 को सिक्स लेन किए जाने की मांग को लेकर संत समाज द्वारा प्रस्तावित अनिश्चितकालीन जन आंदोलन को कांग्रेस की ओर से पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रामशेष बघेल ने कहा कि एनएच-719 को सिक्स लेन कराने की मांग लंबे समय से उठ रही है। इस संबंध में संत समाज द्वारा 16 मार्च से बरेठा टोल प्लाजा पर अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जा रहा है, जिसमें कांग्रेस पार्टी पूरी निष्ठा के साथ कंधे से कंधा मिलाकर साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया।
बघेल ने बताया कि जिले भर के कांग्रेस कार्यकर्ता 16 मार्च को सुबह 10 बजे मालनपुर स्थित बंटू ढाबा पर एकत्रित होकर बरेठा टोल प्लाजा पहुंचेंगे और आंदोलन में भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि एनएच-719 को लोग अब “मौत का हाईवे” कहने लगे हैं, क्योंकि आए दिन सड़क हादसों में बेगुनाह लोगों की जान जा रही है और कई परिवार तबाह हो चुके हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की डबल इंजन सरकार और पीएनसी कंपनी की मिलीभगत से इस सड़क पर टोल वसूली की अवधि 2028 तक बढ़ा दी गई है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेस पार्टी इसकी घोर निंदा करती है और मांग करती है कि टोल वसूली बंद कर जल्द से जल्द सिक्स लेन हाईवे के निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाए तथा डीपीआर पूरी कर कार्यादेश जारी किया जाए।
रामशेष बघेल ने कहा कि भाजपा सरकार के दौर में संत समाज को अपनी मांगों के लिए सड़कों पर उतरना पड़ रहा है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। संत समाज हमारे लिए पूजनीय है और उनके सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। यदि एनएच-719 के निर्माण को लेकर स्पष्ट लिखित घोषणा नहीं की गई तो जिला कांग्रेस कमेटी भिंड बड़े जन आंदोलन के लिए बाध्य होगी, जिसकी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रमोद चौधरी, वरिष्ठ नेता रामहर्ष सिंह कुशवाह, संगठन महासचिव महेश जाटव, सेवादल जिलाध्यक्ष संदीप मिश्रा, बृजेंद्र सिंह कुशवाह कल्लू, वीरेंद्र यादव, नरोत्तम सिंह नरवरिया, मीडिया प्रभारी पंकज त्रिपाठी, कार्यालय प्रभारी रामस्वरूप गोयल, अरविंद यादव, डॉ. सुल्तान सिंह नरवरिया, एडवोकेट दीपचंद तिवारी, देवेंद्र सिंह भारोली, राहुल सिंह कुशवाह, मौ नगर कांग्रेस अध्यक्ष सोनपाल यादव, वाहिद अली, उपेंद्र यादव, जनक सिंह बघेल, अशोक कुमार बघेल, विवेक जामोर, अभिषेक मौर्य, प्रमोद बघेल, राहुल बघेल, रोहित अर्गल, सतबीर सिंह बघेल, आत्माराम, सुनील बघेल सहित अनेक कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।













Leave a Reply