आईटीआई परिसर में विधानसभा स्तरीय समीक्षा बैठक, विकास कार्यों को समय सीमा में पूरा करने के निर्देश
Hasrat ali
भिंड/अटेर,
अटेर के आईटीआई परिसर में शुक्रवार को विधानसभा स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें अटेर विधायक Hemant Satyadev Katare मुख्य रूप से मौजूद रहे। बैठक में उन्होंने चंबल नदी पर बन रहे पुल के निर्माण में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए लोक निर्माण विभाग (सेतु निर्माण) के अधिकारियों को जल्द से जल्द पुल का कार्य पूर्ण कर उसे चालू कराने के सख्त निर्देश दिए।
विधायक कटारे ने कनेरा उद्वहन सिंचाई योजना की समीक्षा करते हुए सिंचाई विभाग के अधिकारियों को भी तय समय सीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समीक्षा बैठक में राजस्व विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, ऊर्जा विभाग, लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्कूल शिक्षा, कृषि विभाग, खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग, सहकारिता विभाग तथा नगर परिषद फूप सहित अन्य विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
विधायक कटारे ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी विभाग जनता के कार्यों को समय सीमा में पूर्ण करें और राजस्व से जुड़े मामलों का शीघ्र निपटारा करें। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को मुख्यालय अटेर पर नियमित रूप से उपस्थित रहकर जनता की समस्याएं सुनने और उनका समाधान करने की हिदायत दी। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जनता की शिकायतें मिलती हैं तो उच्च स्तर पर शिकायत की जाएगी।
महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी को टीएचआर वितरण में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी नहीं होने देने और मुख्यमंत्री बाल आरोग्य संवर्धन कार्यक्रम के अंतर्गत एसएएम, एमएएम और एसयूडब्ल्यू श्रेणी के पात्र बच्चों को मिलने वाली आर्थिक सहायता शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को भी पीडीएस राशन वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने और किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
बैठक में जनपद अध्यक्ष अटेर प्रतिनिधि विकास शर्मा, एसडीएम अटेर श्रीमती शिवांगी अग्रवाल, तहसीलदार अटेर राकेश इमले, नायब तहसीलदार सुरपुरा जगन कुशवाह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।













Leave a Reply