प्रांताध्यक्ष साथी शलभ भदौरिया के निर्देश पर जनसुनवाई में सौंपा ज्ञापन
Bhind. मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रांताध्यक्ष साथी शलभ भदौरिया के निर्देशन में मंगलवार को जिला इकाई द्वारा पत्रकारों की ज्वलंत समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव को सौंपा गया। यह ज्ञापन कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुत किया गया, जहां बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे। इस अवसर पर संघ ने पत्रकारों के लिए प्रस्तावित बीमा योजना में बढ़े हुए प्रीमियम और उस पर लगाए गए 18% जीएसटी को समाप्त करने की मांग की। साथ ही 5 लाख रुपए तक की निःशुल्क स्वास्थ्य बीमा योजना लागू करने और बीमा आवेदन की अंतिम तिथि 22 से बढ़ाकर 30 सितंबर 2025 तक करने को मांग की गई है। संघ के प्रांताध्यक्ष शलभ भदौरिया के नेतृत्व में प्रदेशभर में सक्रिय है पत्रकार संघ ज्ञापन सौंपने की यह कार्रवाई प्रांताध्यक्ष साथी शलभ भदौरिया के निर्देश पर की गई, जो निरंतर पत्रकार हितों के लिए संघर्षरत हैं। उनके नेतृत्व में प्रदेशभर में पत्रकारों की समस्याओं को लेकर स्थानीय प्रशासन और सरकार के समक्ष मुखरता से आवाज उठाई जा रही है।
श्री भदौरिया ने स्पष्ट किया है कि यदि पत्रकारों की मांगों पर समय रहते निर्णय नहीं लिया गया, तो संघ प्रदेशव्यापी आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
संघ के जिला अध्यक्ष गणेश भारद्वाज बोले कि अब पत्रकार जाग चुका है। उन्होंने आगे कहा कि “पत्रकारों की मांगों के लिए हम अंतिम दम तक लड़ाई लड़ेंगे और अपने हक के लिए किसी भी हद तक शासन प्रशासन से लड़ाई लड़ेंगे है।” उन्होंने कहा कि जिले में पत्रकार भवन और पत्रकार कॉलोनी के लिए आज तक कोई भूमि चिन्हांकित नहीं की गई है। और कहा कि “सरकार को अब यह समझना होगा कि पत्रकार सिर्फ कलम चलाने तक सीमित नहीं हैं, वे अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना जानते हैं।
ज्ञापन के माध्यम से संगठन की प्रमुख मांगों को अवगत कराया गया जो इस प्रकार हैं:
5 लाख रुपए तक की निःशुल्क स्वास्थ्य बीमा योजना लागू की जाए।
बीमा प्रीमियम और उस पर लगे 18% जीएसटी को तत्काल समाप्त किया जाए।
65 वर्ष आयु वाले पत्रकारों को भी निःशुल्क बीमा का लाभ दिया जाए।
बीमा आवेदन की अंतिम तिथि 22 सितंबर से बढ़ाकर 30 सितंबर 2025 की जाए।
भिंड में पत्रकार भवन और पत्रकार कॉलोनी के लिए भूमि चिन्हांकित की जाए।
ज्ञापन सौंपते समय यह पत्रकार शामिल रहे:
जिला इकाई के अध्यक्ष साथी गणेश भारद्वाज, चंबल संभागीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व जिला अध्यक्ष साथी विक्रम सिंह जादौन, संभागीय सचिव साथी अजय शर्मा, जिला कार्यकारी अध्यक्ष साथी भानु श्रीवास्तव, महासचिव साथी असगर खान, साथी सचिव इमरान अली खान, साथी रवि रमन त्रिपाठी, साथी प्रेमनारायण शर्मा, साथी हसरत अली, साथी रिजवान काज़ी, साथी रवि खान, साथी दीवान यादव और साथी सुनील कुमार बाथम शामिल रहे।
यह ज्ञापन सिर्फ बीमा योजना की विसंगतियों को नहीं, बल्कि पत्रकारों की दशकों पुरानी अनदेखी मांगों को लेकर आवाज बुलंद करने का प्रतीक बन गया है। अब सभी की निगाहें सरकार की आगामी प्रतिक्रिया पर टिकी हैं।














