Advertisement

सरोज नगर में नीलगाय के मांस के साथ महिला गिरफ्तार, पुलिस ने लिया मामला जांच में

Bhind.
शहर के वार्ड क्रमांक 26 सरोज नगर इलाके में एक घर में नीलगाय के मांस के साथ पुलिए न एक महिला को गिरफ्तार किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि महिला अपने घर के अंदर अवैध रूप से जानवर काट रही है। इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की और नीलगाय के मांस को जब्त किया।

बता दें समाज सेवी बादशाह गुर्जर को गुरुवार शाम सूचना मिली कि सरोज नगर वार्ड 26 में एक महिला अपने घर में जानवर काट रही है। उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली टीआई बृजेंद्र सेंगर, देहात थाना टीआई मुकेश शाक्य,वन विभाग की टीम और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। टीम ने छापा मारकर संदिग्ध गतिविधियों की जांच की। घर की तलाशी में भारी मात्रा में नीलगाय का मांस, काटने के उपकरण और अन्य संदिग्ध सामान बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार महिला पहले भी इसी अपराध में पकड़ी जा चुकी है। कुछ महीने पहले उसे स्कूटी से नीलगाय का मांस ले जाते हुए देहात थाना पुलिस ने पकड़ा था, जिसके बाद उसे वन विभाग के सुपुर्द कर दिया गया था। महिला ने प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि वह यह मांस मछंड के पास एक गांव से लाती थी। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इस अवैध मांस तस्करी में और कौन-कौन शामिल हैं और यह नेटवर्क कितना बड़ा है।

पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम,1972 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जब्त मांस को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। इस मामले में अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।