Advertisement

हरवीर सिंह का जीवन समाज एवं युवाओं के लिए प्रेरणा स्त्रोत:कलेक्टर

हरवीर सिंह की स्मृति में त्रयोदशी के स्थान पर शांति हवन सम्पन्न

भिण्ड। जिले के पहले नेशनल एथलेटिक्स गोल्ड मेडल विजेता पूर्व प्राचार्य हरवीर सिंह यादव का जीवन समाज के लिए एक प्रेरणा है युवाओं को आगे आकर उनसे प्रेरणा लेकर भिंड का नाम रोशन करना चाहिए उक्त बात जिला कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने कही वह हरवीर सिंह की स्मृति में आयोजित शांति हवन कार्यक्रम में श्रद्धांजलि सभा में भावांजलि अर्पित कर रहे थे। इस अवसर पर भतीजे द्वय अवध बिहारी, कर्नल भारत सिंह, समाजसेवी मान सिंह यादव आर्य समाज गौरमी, गोविंद यादव,चतुरी सिंह यादव, कप्तान सिंह यादव,पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्यामसुंदर यादव, वरिष्ठ पुत्र कृष्ण गोपाल सिंह यादव, खेल प्रशिक्षक पुत्र राधे गोपाल यादव, हित गोपाल सिंह यादव, बृज गोपाल सिंह यादव,सहित यज्ञ आचार्य रणविजय सिंह आचार्य केशव मुनि, आचार्य दयानंद शास्त्री,समाजसेवी नीरज यादव केंद्रीय समाज सेवा समिति राष्ट्रीय अध्यक्ष पदाधिकारी, सत्यवीर शास्त्री समाजसेवी राम प्रकाश यादव, बदन बघेल सहित बड़ी मात्रा में समाजसेवी, जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी, प्रशाशन के अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।

किशोरी पब्लिक स्कूल प्रांगण में आयोजित शांति हवन में गोकुलवासी श्री यादव के पुत्रों ने अपने पिता की तेरहवीं पर लिए गए संकल्प को दोहराया। राधेगोपाल यादव ने कहा कि जैसा कि हम जानते हैं पिताजी हरवीर सिंह यादव पर्यावरण प्रेमी के साथ-साथ खेल प्रशिक्षक के रूप में सदैव समर्पित रहे। उन्होंने समाज को सदैव सकारात्मक दिशा दी और जीवन के अंतिम सांस तक युवाओं के लिए प्रेरणा स्त्रोत बने रहे। वह खेलों के प्रति इतने समर्पित थे की खेल स्पर्धा में शामिल होते हुए ही उनको ब्रेन हेमरेज हुआ और अंतिम सांस तक खेल मैदान की ही बात करते रहे। उनके इस समर्पण, त्याग और भावनाओं को ध्यान में रखते हुए हम सभी परिवार जनों ने यह निर्णय लिया है कि उनकी स्मृति को सदैव जीवित रखने के लिए खेल परिसर का निर्माण करेंगे और पर्यावरण संरक्षण हेतु वृहद स्तर पर वृक्षारोपण करते रहेंगे। उन्होंने कहा बाबूजी की स्मृति सदैव हम सबके मन मस्तिष्क में समाज में बनी रहे इस हेतु प्रतिवर्ष उन्हें स्नेहांजलि समर्पित करते हुए सर्वहित में कार्यक्रम किया करेंगे। ज्ञातव्य है कि हरवीर सिंह की मृत्यु उपरांत उनके परिजनों ने तेरहवीं न करते हुए उस राशि को समाज कार्य में खर्च करने का निर्णय लिया है जिसकी सराहना जिले भर में की जा रही है। उनकी आत्मशांति की लिए शांति हवन, सुन्दरकाण्ड का आयोजन किया गया।