भिंड। मध्यप्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त संजीव कांकर ने मंगलवार को भिंड जिले के मौ एवं मेहगांव क्षेत्र के विभिन्न उपार्जन केंद्रों और वेयरहाउस का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान श्री कांकर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसान हितों की रक्षा एवं उनकी सुविधाओं के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि किसानों के अन्न का एक-एक दाना पूरी पारदर्शिता, नियम और सम्मान के साथ तौला जाए तथा किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने उपार्जन केंद्रों पर तौल व्यवस्था, अनाज भंडारण, वेयरहाउस की स्थिति तथा किसानों को उपलब्ध सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि तौल केंद्रों पर कांटों (वजन मशीनों) की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि किसानों को लंबे समय तक इंतजार न करना पड़े। साथ ही तौल प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए कांटों का समय-समय पर परीक्षण एवं सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा।
श्री कांकर ने उपार्जित अनाज की समय पर डुलाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, जिससे किसानों के भुगतान में किसी प्रकार की देरी न हो।
निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर छोटी-मोटी अनियमितताएं पाए जाने पर उन्होंने उन्हें तत्काल सुधारने एवं दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जब तक अन्नदाता सुरक्षित, सम्मानित और संतुष्ट नहीं होगा, तब तक प्रदेश समृद्ध और आत्मनिर्भर नहीं बन सकता।
किसानों की सुविधा और उनके हितों की रक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान नागरिक आपूर्ति निगम के अधिकारी, उपार्जन कार्य से जुड़े कर्मचारी एवं स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।














Leave a Reply