Advertisement

रेल स्प्रिंग कारखाना सिथौली में 12 हजार मैन-आवर्स का रिकॉर्ड श्रमदान

स्वच्छता, डिजिटलीकरण और हरित अभियान में कर्मचारियों ने दिखाई मिसाल

ग्वालियर। रेल स्प्रिंग कारखाना सिथौली में अप्रैल माह के दौरान स्वच्छता, हाउसकीपिंग और पर्यावरण संरक्षण को लेकर बड़े स्तर पर अभियान चलाया गया। प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत कारखाना कर्मचारियों ने रिकॉर्ड 12 हजार मैन-आवर्स श्रमदान कर कार्यस्थल की स्वच्छता और सौंदर्य बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

प्रधान मुख्य यांत्रिक इंजीनियर श्री अनिल कुमार द्विवेदी एवं मुख्य कारखाना इंजीनियर श्री राजेश कुमार जाटव के मार्गदर्शन में कारखाने के विभिन्न क्षेत्रों में वेस्ट कलेक्शन, मशीनों की साफ-सफाई, पेंटिंग और हाउसकीपिंग कार्य किए गए। कर्मचारियों ने प्रतिदिन लगभग पांच घंटे श्रमदान कर इस अभियान को सफल बनाया।

अभियान के दौरान गीले और सूखे कचरे का पृथक निस्तारण किया गया। गीले कचरे से जैविक खाद तैयार करने के लिए कारखाना परिसर में तीन कम्पोस्ट पिट विकसित किए गए हैं, जिससे पर्यावरण संरक्षण और प्रभावी अपशिष्ट प्रबंधन को बढ़ावा मिला है।

रेल स्प्रिंग कारखाना ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग के साथ मिलकर ग्वालियर किले में भी संयुक्त स्वच्छता अभियान चलाया। विश्व धरोहर दिवस पर 18 अप्रैल 2026 और पुनः 25 अप्रैल 2026 को चलाए गए अभियान में लगभग 10 ट्रक एकल-उपयोग प्लास्टिक कचरा हटाया गया। इससे ऐतिहासिक धरोहर क्षेत्र की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिली।

कारखाना परिसर में हरित वातावरण विकसित करने के उद्देश्य से हर्बल गार्डन और मियावाकी क्षेत्र में वृक्षारोपण अभियान भी संचालित किया गया। करीब 500 वर्गमीटर क्षेत्र में ड्रिप सिंचाई प्रणाली के माध्यम से 1500 पौधे लगाने की योजना पर कार्य जारी है, जिनमें अब तक लगभग 600 पौधे लगाए जा चुके हैं।

डिजिटलीकरण के क्षेत्र में भी कारखाना ने बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए करीब छह लाख पृष्ठों का डिजिटलीकरण किया है। इससे अभिलेखों के सुरक्षित संरक्षण के साथ कागज की खपत में कमी आएगी।

वहीं 4 अप्रैल 2026 को कर्मचारियों ने iGOT Karmayogi पोर्टल पर “साधना शपथ” शिक्षण मॉड्यूल सफलतापूर्वक पूरा किया। प्रशिक्षण में रेलवे में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग और कार्यप्रणाली की जानकारी भी दी गई।

सभी कार्यक्रम मुख्य कारखाना प्रबंधक श्री शिवाजी कदम के नेतृत्व तथा उप मुख्य यांत्रिक अभियंता श्री भानु प्रताप सिंह, सहायक रसायन एवं धातुकर्मज्ञ श्री आर.के. हनौते और सहायक कार्य प्रबंधक श्री धनंजय रहालकर के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *