आधे दिन का वेतन काटने के निर्देश, जिला पंचायत कार्यालय में मचा हड़कंप
भिंड. कलेक्टर किरोड़ी लाल मीणा ने शुक्रवार सुबह जिला पंचायत कार्यालय का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक अमले में हड़कंप मचा दिया। सुबह करीब 10:20 बजे किए गए निरीक्षण में 11 अधिकारी-कर्मचारी अनुपस्थित मिले, जिस पर कलेक्टर ने सख्त नाराजगी जताते हुए सभी का आधे दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को निर्देशित किया कि बिना सूचना अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही चेतावनी दी गई कि भविष्य में लापरवाही पाए जाने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए कर्मचारियों में परियोजना अधिकारी नितिन दुबे, जिला समन्वयक विनोद भदौरिया, लेखा सहायक देवेंद्र सिंह यादव, शिक्षा विभाग के चरन सिंह, ब्लॉक समन्वयक विकास उपाध्याय, सहायक ग्रेड-3 प्रेमशंकर सिंह यादव, सर्वेश वैद्य, कोकसिंह नरवरिया, डाटा एंट्री ऑपरेटर सुरेंद्र सिंह कुशवाह, राहुल शर्मा, शिवकुमार सिंह एवं भृत्य श्रीमती गीता त्रिपाठी शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था पर भी नाराजगी जताई और भवन की पुताई कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर की इस कार्रवाई के बाद जिला पंचायत कार्यालय में दिनभर कर्मचारियों के बीच चर्चा और हलचल बनी रही।













Leave a Reply