Advertisement

युवक की जहरीला पदार्थ खाने से मौत, पुलिस ने किया मर्ग कायम

भिण्ड।
गोरमी थाना अंतर्गत ग्राम पचेरा में 24 वर्षीय युवक की जहरीला पदार्थ खाने से दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, विकास (24) पुत्र रमेश पाराशर, निवासी कचनाव खुर्द, पचेरा को गाँव के नजदीक गंभीर अवस्था में देखा गया। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुँचे और तत्काल उसे जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहाँ से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर कर दिया। मृतक के पिता रमेश पाराशर ने बताया कि ग्वालियर में भर्ती के दौरान विकास ने डॉक्टर को बताया कि उसने कोई जहरीला पदार्थ निगला है। हालाँकि, उसने यह जहरीला पदार्थ क्यों खाया, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। परिजन भी इस विषय में कुछ कहने की स्थिति में नहीं हैं।
पुलिस जांच जारी:
मृत्यु के उपरांत पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया और मर्ग कायम कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है। पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और यह जानने का प्रयास कर रही है कि विकास भिण्ड अशोक नगर में निवास करने के बावजूद देर रात पचेरा के नजदीक कैसे पहुँचा।
परिजनों और पुलिस के लिए अभी यह घटना रहस्य बनी हुई है। पुलिस विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है ताकि घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।